गन्ने को भीतर से खोखला कर देगा ये कीट, खेत में कॉलोनी बनाकर रहता है, जानें बचाव की ट्रिक
Sugarcane Farming Tips : गन्ने की फसल से किसानों को साल में केवल एक बार उपज मिलती है. इन दिनों गन्ने में दीमक का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है. यह एक ऐसा भूमिगत कीट है, जो शुरुआत में दिखाई नहीं देता, लेकिन धीरे-धीरे पूरी फसल को अंदर से खोखला कर देता है. शाहजहांपुर के फसल सुरक्षा वैज्ञानिक डॉ. हादी हुसैन खान लोकल 18 से बताते हैं कि दीमक एक ऐसा कीट है, जो जमीन के भीतर कॉलोनियों में रहता है. इसमें सैनिक और नर-मादा होते हैं, जिनमें सैनिक कीट फसल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं. दीमक गन्ने की जड़ों को काट देती है, जिससे पौधे का जाइलम (Xylem) तंत्र प्रभावित होता है. इससे जमीन से ऊपर की ओर जल और पोषक तत्वों का परिवहन पूरी तरह रुक जाता है. ऐसे में किसानों को तुरंत ‘क्लोरोपायरीफॉस 20 ईसी’ (Chlorpyrifos 20 EC) की 2 लीटर मात्रा प्रति हेक्टेयर की दर से सिंचाई के पानी के साथ खेत में चला देनी चाहिए. किसान भाई ‘कोराजन’ (Coragen) से भी इस जानलेवा कीट के हमले से फसल को बचा सकते हैं.