गर्मी में ताजमहल घूमने का बना रहे हैं प्लान तो ये बातें जरूर जान लें!
Last Updated:
आगरा में तापमान 41 डिग्री पार कर चुका है और हीटवेव लोगों को बेहाल कर रही है. ताजमहल घूमने वालों को सलाह दी गई है कि सुबह या शाम के समय स्मारक देखें. हल्के कपड़े, पानी, छाता और जरूरी दवाइयों के साथ यात्रा करें, …और पढ़ें
ताजमहल
हाइलाइट्स
- आगरा में तापमान 41 डिग्री पार कर चुका है.
- ताजमहल घूमने वालों को सलाह दी गई है कि सुबह या शाम के समय स्मारक देखें.
- हल्के कपड़े, पानी, छाता और जरूरी दवाइयों के साथ यात्रा करें.
आगरा: मोहब्बत की मिसाल ताजमहल को देखने हर साल लाखों सैलानी आते हैं, लेकिन इन दिनों आगरा की तपती दोपहर और जलती हवाएं लोगों की परख ले रही हैं. सुबह 8 बजे से ही सूरज आग उगलने लगता है और तापमान 41 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है. लू जैसी गर्म हवाएं दिनभर लोगों को बेहाल कर रही हैं. ऐसे में अगर आप इन दिनों आगरा घूमने आ रहे हैं, तो गर्मी से बचने के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.
क्या है ताजमहल घूमने का सही टाइमिंग?
गर्मी में ताजमहल या कोई भी स्मारक देखने का सबसे सही समय सुबह 6 से 10 बजे के बीच होता है. वहीं फिर शाम 4 से 6 बजे के बीच होता है. इस दौरान सूरज की तीव्रता कम होती है और स्मारकों की खूबसूरती का आनंद शांति से लिया जा सकता है. खासतौर पर सुबह 6 से 9 और शाम 5 से 6 बजे का समय सबसे आरामदायक माना जाता है.
ताज देखने से पहले करें ये जरूरी तैयारी
1. टिकट की लंबी लाइनों से बचने के लिए पहले ही ऑनलाइन बुकिंग करा लें.
2. गर्मी में शरीर को राहत देने के लिए ढीले-ढाले, सूती कपड़े पहनें.
3. ट्रैवल बैग हल्का रखें और सिर्फ जरूरी सामान ही साथ लें.
4. धूप से बचने के लिए चश्मा और छाता मददगार साबित होगा.
5. शरीर को हाइड्रेट रखना सबसे जरूरी है, इसलिए पानी की बोतल और ग्लूकोज या एनर्जी ड्रिंक जरूर रखें.
6. डायबिटीज, बीपी या एलर्जी की कोई भी नियमित दवाइयां लेना न भूलें.
7. होटल की बुकिंग यात्रा से पहले ही कर लें ताकि भागदौड़ न हो.
8. बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखें.
गर्म मौसम में छोटे बच्चों और बुजुर्गों की देखभाल और भी जरूरी हो जाती है. सुबह का समय उनके लिए बेहतर होता है. साथ में उनके लिए ट्रॉली, पानी, एनर्जी ड्रिंक, छाता और दवाइयां जरूर रखें. बच्चों को सीधी धूप से दूर रखने की कोशिश करें.
आरामदायक पहनें जूते
ताजमहल परिसर में लंबा पैदल चलना होता है, इसलिए आरामदायक और खुले जूते पहनें. टाइट शूज़ या हील्स पहनने से पैर जल्दी थक सकते हैं. कोशिश करें कि जहां तक संभव हो छांव वाले रास्ते पर चलें और धूप में ज्यादा देर न रुकें.
यात्रा को यादगार बनाने के लिए तैयार रहें
आगरा की ऐतिहासिक विरासत जरूर देखें, लेकिन अपने स्वास्थ्य का भी पूरा ख्याल रखें. गर्मी से बचाव ही इस मौसम में सबसे बड़ी समझदारी है. अपनी तैयारी पूरी रखें, ताकि आपकी यात्रा यादगार के साथ-साथ सुरक्षित भी बनी रहे.