गाजियाबाद की बदलेगी सूरत: ₹1500 करोड़ से बनेगा क्रिकेट स्टेडियम और नया फ्लाईओवर
Ghaziabad News: क्या आप राजनगर एक्सटेंशन में इंटरनेशनल मैच देखना चाहते हैं या चौधरी मोड़ के जाम से हमेशा के लिए मुक्ति पाना चाहते हैं? गाजियाबाद वालों की ये सभी मुरादें अब जल्द पूरी होने वाली हैं. दरअसल, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने शहर को हाई-टेक बनाने के लिए कमर कस ली है. अर्बन चैलेंज फंड के तहत करीब 1500 करोड़ रुपये की बड़ी परियोजनाओं का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिससे राजनगर एक्सटेंशन से लेकर तुलसी निकेतन तक का कायाकल्प होगा.
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए एक ऐसा मास्टरप्लान पेश किया है, जिसमें 680 करोड़ रुपए का क्रिकेट स्टेडियम, आधुनिक फ्लाईओवर और मल्टी-लेवल पार्किंग जैसी बड़ी सौगातें शामिल हैं. जानिए, इन प्रोजेक्ट्स से आपके इलाके की सूरत कैसे बदलेगी.
गाजियाबाद बनेगा वर्ल्ड क्लास सिटी
जीडीए द्वारा जारी प्रेस नोट के मुताबिक, दिल्ली-NCR के अहम हिस्से गाजियाबाद को अब सिर्फ एक रिहायशी शहर के तौर पर नहीं, बल्कि एक ‘मॉडल सिटी’ के रूप में पहचान मिलने वाली है. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अर्बन चैलेंज फंड (UCF) के तहत विकास का एक ऐसा ब्लू प्रिंट तैयार किया है, जो शहर की बुनियादी सुविधाओं, खेल की दुनिया और आम लोगों के रहन-सहन के स्तर को पूरी तरह बदल देगा.
प्राधिकरण का लक्ष्य गाजियाबाद को यातायात जाम से मुक्ति दिलाना, जर्जर हो चुकी कॉलोनियों का पुनर्विकास करना और शहर को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर लाना है. इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद गाजियाबाद की ब्रांड वैल्यू और यहां रहने वाले लोगों की लाइफस्टाइल में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा.
राजनगर एक्सटेंशन में गूंजेगा चौके-छक्कों का शोर
गाजियाबाद के क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी राजनगर एक्सटेंशन से आई है. यहां एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव रखा गया है. यह स्टेडियम उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन और जीडीए के आपसी सहयोग से विकसित किया जाएगा.
परियोजना की मुख्य बातें:
- अनुमानित लागत: लगभग ₹680 करोड़.
- फायदा: यहां अंतरराष्ट्रीय मैच और IPL जैसे बड़े टूर्नामेंट आयोजित हो सकेंगे.
- असर: खेल पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
यह स्टेडियम न केवल गाजियाबाद बल्कि पूरे वेस्ट यूपी के युवाओं के लिए खेल की दुनिया के नए दरवाजे खोलेगा.
तुलसी निकेतन: जर्जर फ्लैट्स की जगह मिलेगी नई छत
शहर के सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए जीडीए ने तुलसी निकेतन आवासीय योजना के पुनर्विकास का बड़ा फैसला लिया है. 1989-90 के दौर में बनी यह कॉलोनी अब काफी जर्जर हो चुकी है, जिससे यहां रहना असुरक्षित हो गया है.
इस योजना के तहत करीब ₹600 करोड़ की लागत से पुनर्विकास का काम प्रस्तावित है. इसका सीधा लाभ आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के लोगों को मिलेगा. उन्हें पुराने और असुरक्षित घरों की जगह आधुनिक सुविधाओं वाले सुरक्षित और पक्के मकान दिए जाएंगे. यह परियोजना न केवल सुरक्षा बल्कि शहर की सुंदरता और स्वच्छता को भी बढ़ावा देगी.
चौधरी मोड़ पर खत्म होगा जाम का झंझट
गाजियाबाद के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार GT रोड स्थित चौधरी मोड़ पर लगने वाले जाम से अब जल्द राहत मिलने वाली है. GDA ने यहां करीब 2 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव रखा है.
फ्लाईओवर की विशेषताएं:
- लागत: करीब ₹200 करोड़.
- सुविधा: भारी यातायात का दबाव कम होगा और वाहन बिना रुके गुजर सकेंगे.
- फायदा: यात्रा का समय कम होगा, प्रदूषण घटेगा और आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर लगाम लगेगी.
RDC में पार्किंग की समस्या होगी खत्म
राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर यानी RDC गाजियाबाद का एक प्रमुख कमर्शियल हब है, लेकिन यहां की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग है. सड़कों पर बेतरतीब खड़ी गाड़ियों की वजह से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. इसका समाधान निकालने के लिए जीडीए ने ₹100 करोड़ की लागत से एक आधुनिक मल्टी-लेवल कार पार्किंग बनाने का प्रस्ताव दिया है. इससे न केवल सड़कों पर जगह बनेगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
क्या बोले प्राधिकरण के अधिकारी?
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने बताया कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य गाजियाबाद को राष्ट्रीय स्तर पर एक ‘मॉडल सिटी’ के रूप में पेश करना है. उन्होंने कहा कि ये सभी प्रोजेक्ट्स शहर के भविष्य की नींव रखेंगे और इनसे आम जनता के जीवन स्तर में बड़ा बदलाव आएगा. प्राधिकरण का मुख्य फोकस संतुलित और लंबे समय तक चलने वाले विकास पर है.