गेहूं-धान छोड़ लगाएं लिप्टिस के पेड़, 5 साल में बन जाएंगे करोड़पति! जानिए विधि
Last Updated:
Rampur News:रामपुर के किसान ने पारंपरिक गेहूं- धान की जगह 40 बीघा में लिप्टिस के 4 हजार पौधे लगाए हैं. ये पौधे 5 साल में तैयार होकर हर पेड़ से करीब 6 हजार रुपये की कमाई देंगे. बरसात में लगाए गए ये पौधे कम मेहनत…और पढ़ें
हाइलाइट्स
- किसान ने पारंपरिक गेहूं- धान की जगह लिप्टिस के पौधे लगा रहे हैं.
- 5 साल में हर पेड़ से करीब 6 हजार रुपये की कमाई होती है.
- बरसात में लगाए गए ये पौधे कम मेहनत में लंबे समय तक मुनाफा देते हैं.
रामपुर: किसान आज कल गेहूं- धान जैसी पारंपरिक फसलों में उलझे हैं और साल-दर-साल बस गुजारा भर की आमदनी कर पा रहे हैं. वहीं रामपुर जिले के गांव ककरोआ का एक किसान बिल्कुल अलग राह पर चल पड़ा है. इस किसान का नाम है मकदूर अहमद, जिसने परंपरा को तोड़ते हुए लिप्टिस की खेती शुरू की है. अहमद की सोच है कि ऐसी खेती करो, जो हर साल मुनाफा दें.
1 पेड़ से मिलती है 5 कुंटल लकड़ी
किसान मकदूर अहमद बताते हैं कि एक पेड़ से औसतन 5 कुंटल लकड़ी मिलती है. रामपुर मंडी में लिप्टिस की लकड़ी 1200 रुपये प्रति कुंटल के हिसाब से बिकती है. यानी एक पेड़ से लगभग 6,000 रुपये तक की आमदनी हो सकती है. अब सोचिए कि अगर 4 हजार पेड़ तैयार हो जाते हैं तो किसान को कितनी बड़ी कमाई हो सकती है.
लिप्टिस के पौधे लगाने में खास सावधानी बरती जाती है. हर पौधे के बीच कम से कम 5 फीट की दूरी रखी जाती है, जिससे वो अच्छी तरह फैल सके और उसकी ग्रोथ पर असर न पड़े. एक पौधा लगाने के लिए 1 से डेढ़ फीट गहरा गड्ढा खोदा जाता है, जिसमें गोबर की खाद और थोड़ा डीएपी मिलाकर पौधा लगाया जाता है.
इस मौसम में लगाए लिप्टिस
अहमद कहते हैं कि लिप्टिस लगाने का सबसे बेहतर समय बरसात का मौसम होता है. खासतौर से जुलाई से सितंबर के बीच पेड़ लगाएं. इस वक्त ज़मीन में नमी बनी रहती है. इससे पौधे जल्दी पकड़ बना लेते हैं और उनकी ग्रोथ भी तेज होती है.
अहमद की यह खेती न केवल बाकी किसानों के लिए मिसाल बन रही है. ये बताती है कि अगर सोच अलग हो, तो किसानी में भी क्रांति लाई जा सकती है. रामपुर का ये किसान अब उम्मीद कर रहा है कि उसकी कमाई लाखों में होगी और बाकी किसान भी इससे प्रेरणा लेकर नई राहें अपनाएंगे.