चंदौली में बुलडोजर एक्शन जारी, मुगलसराय की सड़कों पर दूसरे दिन भी गरजी मशीनें

0
चंदौली में बुलडोजर एक्शन जारी, मुगलसराय की सड़कों पर दूसरे दिन भी गरजी मशीनें


चंदौली: जिले के मुगलसराय में सड़क चौड़ीकरण के लिए अवैध अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की जा रही है. जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की टीम ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन जीटी रोड के किनारे बुलडोजर चलाकर अवैध स्ट्रक्चर को ध्वस्त किया. पड़ाव से गोधना बाईपास तक होने वाले इस चौड़ीकरण की जद में आने वाली दुकानों, मकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पहले ही नोटिस देकर चिन्हित किया गया था. गुरुवार को शुरू हुए इस अभियान में अब तक 50 से अधिक निर्माण गिराए जा चुके हैं, जिसमें बाटा शोरूम और सपा कार्यालय भी मौजूद था. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मानक के अनुसार पीडब्ल्यूडी की जमीन खाली होने तक यह कार्रवाई जारी रहेगी.

नोटिस के बाद भी नहीं हटा अतिक्रमण
सड़क निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी ने सड़क के बीच से दोनों तरफ पैमाइश कर अतिक्रमण की मार्किंग की थी. स्थानीय प्रशासन की ओर से सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई गई और संबंधित लोगों को खुद ही अवैध निर्माण हटाने की चेतावनी दी गई थी. अधिकारियों के अनुसार, कई लोगों ने खुद ही अपने निर्माण हटा लिए थे, लेकिन जिन्होंने ऐसा नहीं किया, उनके खिलाफ गुरुवार सुबह से बुलडोजर एक्शन शुरू कर दिया गया.

शहर के मुख्य बाजार में मची अफरा-तफरी
बुलडोजर की इस कार्रवाई से शहर के प्रमुख मार्केट में हड़कंप का माहौल है. जीटी रोड के दोनों किनारों पर स्थित कॉलेज, मस्जिद, मंदिर और रिहायशी मकानों का जो हिस्सा पीडब्ल्यूडी की जमीन में आ रहा है, उसे तोड़ा जा रहा है. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे. शुक्रवार सुबह से ही अधिकारियों की मौजूदगी में दुकानों के आगे निकले हिस्सों को गिराने का काम तेजी से चल रहा है.

52 फुट से घटाकर कर दिया गया 48 फुट
स्थानीय शंभूनाथ गुप्ता ने लोकल 18 से बातचीत में स्पष्ट किया कि उन्हें शासन से कोई नाराजगी नहीं है. उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य सही दिशा में किया जा रहा है और इससे आवागमन सुगम होगा. उन्होंने बताया कि पहले सड़क की चौड़ाई 52 फुट निर्धारित थी, जिसे घटाकर 48 फुट कर दिया गया. इस निर्णय से कई व्यापारियों को राहत मिली, क्योंकि कम तोड़फोड़ हुई और उनकी दुकानों को कम नुकसान पहुंचा.

शंभूनाथ गुप्ता ने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता, तो बड़ी संख्या में व्यापारी प्रभावित होते और कई लोग सड़क पर आ जाते. उन्होंने यह भी बताया कि यहां की कई दुकानें 50 से 80 साल पुरानी हैं और इन्हीं के सहारे लोग अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही लोग अपनी दुकानें फिर से खोलेंगे और शहर में रौनक लौट आएगी.

पूरे व्यापारी वर्ग में है नाराजगी का माहौल
वहीं स्थानीय युवा आकाश कुमार ने लोकल 18 से बातचीत के दौरान प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अधिकारियों की ओर से की जा रही नापी में एकरूपता नहीं दिख रही है. उन्होंने कहा कि कहीं से 2 फीट ज्यादा तो कहीं से कम जमीन ली जा रही है, जिससे लोगों में भ्रम है. आकाश ने बताया कि अखबारों में भी इस मुद्दे की चर्चा हो चुकी है, लेकिन प्रशासन के अधिकारी स्पष्ट रूप से स्थिति समझाने में असफल रहे हैं. उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग स्वाभाविक रूप से नाराज है, क्योंकि उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है.

पोकलेन मशीनों की मदद से हो रही तोड़फोड़
आकाश ने यह भी कहा कि बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी, जिसके समाधान के लिए सड़क चौड़ीकरण जरूरी है. उन्होंने बताया कि प्रशासन इस कार्य में सक्रिय रूप से लगा हुआ है. मुगलसराय के सीओ सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और अतिक्रमण हटाने का काम जारी है. पोकलेन मशीनों की मदद से तोड़फोड़ की जा रही है, ताकि सड़क को चौड़ा कर यातायात को बेहतर बनाया जा सके.

मार्किंग के आधार पर हटाया जा रहा अवैध हिस्सा
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद एसडीएम अनुपम मिश्रा ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पीडब्ल्यूडी की ओर से की गई मार्किंग के आधार पर ही अवैध हिस्सों को हटाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि शहर के अंदरूनी हिस्सों में सड़क को मानक के अनुसार चौड़ा करने के लिए यह कदम अनिवार्य है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *