चंपत राय के खिलाफ साजिश, समर्थन में उतरा संत समाज, आरोपों पर भड़के साधु-संत
Last Updated:
Champat Rai: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के समर्थन में संत समाज खुलकर सामने आ गया है. संतों ने कहा कि एसआईटी (SIT) जांच पूरी होने से पहले चंपत राय पर आरोप लगाना पूरी तरह निराधार और राजनीतिक दुष्प्रचार है. वीएचपी महामंत्री बजरंग लाल बांगड़ा ने भी स्पष्ट किया कि बिना जांच किसी को दोषी न ठहराया जाए. वहीं, ट्रस्ट सदस्य मिथिलेश नंदनी शरण ने संतों की मांग पर परिसर में सुलभ दर्शन व्यवस्था और सुरक्षा बैरियर हटाए जाने की जानकारी दी.
चंपत राय के समर्थन में उतरा संत-समाज
Ayodhya News: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर लग रहे आरोपों के बीच अब अयोध्या का संत समाज पूरी तरह से उनके समर्थन में उतर आया है. अयोध्या स्थित प्रसिद्ध ‘छोटी छावनी’ में आयोजित साधु-संतों की एक महत्वपूर्ण बैठक में संत समाज ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए चंपत राय का खुलकर बचाव किया.
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ संतों ने एक स्वर में कहा कि मामले की एसआईटी (SIT) जांच चल रही है. ऐसे में जांच प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही चंपत राय पर आरोप मढ़ना पूरी तरह से निराधार और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित दुष्प्रचार है.
विश्व हिंदू परिषद का भी समर्थन
इसी बैठक में शामिल हुए विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री बजरंग लाल बांगड़ा ने कहा, ‘कानून अपना काम कर रहा है. जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसे कठोर दंड मिलना ही चाहिए. लेकिन बिना किसी जांच के किसी को सरेआम दोषी ठहराना बिल्कुल गलत है.’
संतों के विरोध के बाद हटाए गए बैरियर
राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति के सदस्य मिथिलेश नंदनी शरण ने बताया कि मंदिर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर संतों की जो चिंताएं थीं, उन पर तुरंत संज्ञान लिया गया है. संतों के सुझावों के बाद मंदिर परिसर से कई अनावश्यक बैरियर्स को हटा दिया गया है. हालांकि, परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सघन जांच अभियान और सख्त सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था जारी रहेगी.
सुदर्शन व्यवस्था और पुरानी परंपराएं होंगी बहाल
बैठक के दौरान यह फैसला भी लिया गया कि अयोध्या के स्थानीय निवासियों और साधु-संतों के लिए सुलभ दर्शन व्यवस्था लागू की जाएगी. साथ ही रामनगरी की पुरानी धार्मिक परंपराओं को पुनर्स्थापित करने पर ट्रस्ट में गंभीरता से विचार-विमर्श चल रहा है. संतों के इस मजबूत रुख के बाद चंपत राय के विरोधियों को बड़ा झटका लगा है.
About the Author

Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …
और पढ़ें