‘जनहित छोड़ चल रही है नफरत की राजनीति’, सत्ता और विपक्ष पर मायावती का वार, बसपा पदाधिकारियों के साथ बैठक
Last Updated:
Lucknow Mayawati BSP meeting: यूपी विधानसभा चुनाव से पहले रविवार के दिन बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी मीटिंग की. इस दौरान उन्होंने सरकार पर हमला बोला और कुछ अहम मुद्दों पर बात की. मायावती ने कहा कि एसआईआर की वजह से पार्टी का काम प्रभावित हुआ है. अब उन कार्यों को पूरा किया जाएगा.
बसपा मीटिंग में बोलीं मायावती
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों में हलचल तेज हो गई है. वहीं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी चुनावी बिगुल से पहले तैयारी शुरू कर दी है. पार्टी प्रमुख मायावती ने रविवार (07 फरवरी, 2026) को लखनऊ स्थित BSP कार्यालय में समीक्षा बैठक की. इस दौरान उन्होंने साल 2027 के चुनाव को लेकर बसपा की रणनीति के बारे में बात की और उन प्रमुख मुद्दों को उठाया, जिन पर पार्टी अपना दांव खेल सकती है.
मायावती ने कहा, ‘एसआईआर की वजह से पार्टी का काम प्रभावित हुआ है. अब उन कार्यों को पूरा किया जाएगा. विरोधी पार्टियों द्वारा बीएसपी को कमजोर करने के लिए रचे जा रहे षड्यंत्रों के बारे में पदाधिकारियों को सचेत किया जाएगा.’ बैठक के दौरान बसपा प्रमुख ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारें जनहित के मुद्दों के बजाय समाज में आपसी नफरत फैलाने के एजेंडे पर काम कर रही हैं. ऐसे में इससे हम सभी को मिलकर निपटना होगा.
राजनीति चमकाने में लगी पार्टियां
बैठक में उन्होंने गरीबों, दलितों, OBC, SC-ST और मुस्लिमों के साथ किसानों, मजदूरों और व्यापारियों की दयनीय स्थिति पर भी चर्चा की. मायावती ने कहा कि केंद्र व राज्यों की अधिकांश सरकारें जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय जाति और धर्म की आड़ में राजनीति चमकाने में लगी रहती हैं. इससे समाज में विद्वेष की भावना पैदा हो रही है, जो देश हित में नहीं है.
सत्ता-विपक्ष पार्टियों पर मायावती का हमला
उन्होंने सत्ता और विपक्ष की पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता-विपक्ष सिर्फ एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर नीचा दिखाने का ड्रामा कर रहे हैं, जो काफी दुर्भाग्यपूर्ण है. दोनों पक्षों को संविधान के मान-सम्मान और गरिमा का ध्यान रखना चाहिए. संसद चलाने के लिए दोनों पक्षों को पहल करनी चाहिए और एक-दूसरे की बातों पर अमल करना चाहिए.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.