अयोध्या में पर्यटन को मिलेगा नया आयाम, गुप्तारघाट पर तैयार ओपन एयर थिएटर, जाने
Last Updated:
अयोध्या: राम नगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए जल्द ही एक और बड़ा आकर्षण जुड़ने वाला है. होली के आसपास गुप्तारघाट पर बन रहा भव्य ओपन एयर थिएटर पार्क आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा, जहां श्रद्धालु प्रभु राम की जीवन लीला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आध्यात्मिक वातावरण के अनूठे संगम का अनुभव कर सकेंगे.
अयोध्या आने वाले श्रद्धालु अब प्रभु राम की जीवन लीला को करीब से जान सकेंगे, साथ ही ओपन थिएटर का भी आनंद ले पाएंगे. गुप्तारघाट पर विकसित की जा रही यह भव्य परियोजना अपने अंतिम चरण में है और इसका लगभग 85 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. इस परिसर को विशेष रूप से इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां आने वाला हर श्रद्धालु त्रेता युग की अनुभूति कर सके.

पूरा वातावरण रामायण काल से प्रेरित होगा, जहां धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक भावनाओं का सुंदर समन्वय देखने को मिलेगा. परिसर में बन रहा ओपन एयर थिएटर इसकी सबसे बड़ी खासियत है, जहां रामायण से जुड़े नाटक, भव्य रामलीला, भजन-कीर्तन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाएगा.

इसके साथ ही परिसर में रावण वध, हनुमान जी और जटायु की विशाल व आकर्षक मूर्तियां भी तैयार कर ली गई हैं, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र होंगी. इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 18 करोड़ रुपये की लागत आ रही है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

फिलहाल परियोजना का अंतिम चरण तेज़ी से पूरा किया जा रहा है, जिसमें पार्किंग एरिया, पाथवे, टिकट काउंटर, गार्ड रूम, टॉयलेट ब्लॉक और किचन के फिनिशिंग कार्य शामिल हैं. वहीं ओपन एयर थिएटर में भी फिनिशिंग, विद्युतीकरण और हॉर्टिकल्चर से जुड़े काम अंतिम दौर में हैं.

अयोध्या मंडल के कमिश्नर राजेश कुमार ने बताया कि गुप्तारघाट पर बन रहा ओपन एयर थिएटर और पूरा परिसर होली के आसपास श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह परियोजना अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सशक्त बनाएगी और श्रद्धालुओं को एक अनूठा आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करेगी.

वहीं अयोध्या के संत सीताराम दास ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह एक अत्यंत सराहनीय कदम है. इससे अयोध्या न केवल त्रेता युगीन स्वरूप में नजर आएगी, बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालु धर्म और आध्यात्म से और अधिक जुड़ेंगे. उन्होंने कहा कि इस पार्क के माध्यम से युवा पीढ़ी भी भगवान राम और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को करीब से जान पाएगी और ओपन एयर थिएटर का आनंद ले सकेगी. इसके लिए उन्होंने योगी सरकार का आभार व्यक्त किया, जो लगातार अयोध्या के विकास को लेकर नए और प्रभावी प्रयोग कर रही है.