जेबकतरों की टेंशन नहीं…DDU जंक्शन पर कांवड़ियों के लिए 250 जवान तैनात
Last Updated:
Chandauli News : सावन महीने में बाबा बैजनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रेलवे ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं. 250 जवान, ड्रोन कैमरे, 92 सीसीटीवी और बॉडी वार्न कैमरों की मदद से 28 अगस्त तक 24 घंटे पल-पल की निगरानी रखी जाएगी. गाजीपुर, बलिया, मऊ और आजमगढ़ समेत कई जिलों से रोजाना हजारों श्रद्धालु सावन में इसी स्टेशन से ट्रेन पकड़कर देवघर के लिए रवाना होते हैं. संदिग्ध लोगों और जेबकतरों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. स्टेशन पर लगे मोबाइल चार्जिंग पॉइंट्स को भी दुरुस्त कराया जा रहा है.
चंदौली. सावन महीने में बाबा बैजनाथ धाम (देवघर) जाकर जल चढ़ाने वाले कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. पूर्वांचल के गाजीपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़ और चंदौली समेत कई जिलों से रोजाना हजारों श्रद्धालु इसी स्टेशन से ट्रेन पकड़कर देवघर के लिए रवाना होते हैं. श्रद्धालुओं की इसी भारी संख्या को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है. कांवड़ियों की सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए जीआरपी और आरपीएफ के 250 जवानों की स्पेशल टीम तैनात की गई है. जीआरपी कोतवाल सुनील कुमार सिंह और आरपीएफ इंस्पेक्टर अनिता कुमारी के नेतृत्व में यह सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई है. सुरक्षा बल के जवान 24 घंटे स्टेशन पर अलर्ट मोड में रहेंगे. सुरक्षा का यह विशेष प्रबंध 30 जुलाई से शुरू होकर पूरे सावन महीने यानी 28 अगस्त तक लगातार जारी रहेगा. जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा.
हर छोटी-बड़ी गतिविधियों पर नजर
सुरक्षा को पूरी तरह से फुलप्रूफ बनाने के लिए आधुनिक तकनीक की मदद ली जा रही है. स्टेशन के हर कोने, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज और प्रवेश-निकास द्वारों पर नजर रखने के लिए 92 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लाइव मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से की जाएगी. भीड़ वाले इलाकों में ड्रोन कैमरों से भी निगरानी होगी. स्टेशन पर मुस्तैद अधिकांश जवानों को बॉडी वार्न कैमरों से लैस किया गया है, ताकि ड्यूटी के दौरान की हर छोटी-बड़ी गतिविधि का ऑडियो और वीडियो रिकॉर्ड हो सके और पूरी पारदर्शिता बनी रहे.
ट्रेनों में होगी गहन चेकिंग
संदिग्ध लोगों और जेबकतरों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमें केवल स्टेशन ही नहीं, बल्कि देवघर की ओर जाने वाली ट्रेनों में भी लगातार चेकिंग अभियान चलाएंगी. महिला कांवड़ियों की सुरक्षा और सहायता के लिए विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियों की अलग से ड्यूटी लगाई गई है, जिससे महिला श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान कोई परेशानी न हो.सावन के दौरान देवघर जाने वाली ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिलती है. इसी को देखते हुए रेल प्रशासन ने स्टेशन पर पीने के साफ पानी और शौचालयों की बेहतर व्यवस्था की है. स्टेशन पर लगे मोबाइल चार्जिंग पॉइंट्स को भी दुरुस्त कराया जा रहा है, ताकि लंबी यात्रा पर निकले कांवड़ियों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े.
About the Author
प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…
और पढ़ें