जेवर एयरपोर्ट के लिए हर 15 मिनट में मिलेगी ई-बस, मात्र ₹10 से शुरू होगा सफर

0
जेवर एयरपोर्ट के लिए हर 15 मिनट में मिलेगी ई-बस, मात्र ₹10 से शुरू होगा सफर


Last Updated:

Noida Electric City Bus Service: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के निवासियों के लिए मई के अंत से सफर और भी आसान होने वाला है. नोएडा प्राधिकरण शहर में प्रदूषण कम करने और सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए 50 नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू कर रहा है. इस सेवा में 10 हाईटेक डबल डेकर बसें भी शामिल होंगी, जो बोटेनिकल गार्डन से परी चौक के बीच चलेंगी. यात्रियों की सुविधा के लिए मोबाइल ऐप के जरिए सीट बुकिंग और डिजिटल पेमेंट की सुविधा मिलेगी. किराया मात्र ₹10 से शुरू होगा.

Zoom

Noida Electric City Bus Service: अगर आप नोएडा या ग्रेटर नोएडा में रहते हैं और पब्लिक ट्रांसपोर्ट की किल्लत से परेशान हैं, तो आपके लिए एक शानदार खबर है. नोएडा की सड़कों पर जल्द ही चमचमाती इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती नजर आएंगी. इतना ही नहीं, बोटेनिकल गार्डन से परी चौक के बीच लंदन की तर्ज पर ‘डबल डेकर’ इलेक्ट्रिक बसों का सफर भी अब हकीकत बनने जा रहा है. नोएडा प्राधिकरण ने शहर में प्रदूषण कम करने और यात्रियों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं देने के लिए ‘इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा’ को हरी झंडी दे दी है.

मई के अंत तक शुरू होगी सेवा, CEO ने कसी कमर
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने अधिकारियों के साथ एक हाई-लेवल मीटिंग की. इस बैठक में तय किया गया कि मई महीने के अंत तक इस सेवा को हर हाल में जमीन पर उतार दिया जाएगा. परियोजना के पहले चरण में 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी. इसमें सबसे बड़ा आकर्षण 10 डबल डेकर बसें होंगी, जो मुख्य रूप से बोटेनिकल गार्डन और परी चौक के बीच चलेंगी. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बसों के संचालन, डिजिटल टिकटिंग और रूट मैनेजमेंट में कोई कमी न रहे.

सिर्फ ₹10 में सफर: आम आदमी की जेब का रखा ख्याल
आज के महंगाई के दौर में नोएडा प्राधिकरण ने आम जनता को बड़ी राहत देने की तैयारी की है. शुरुआती प्रस्ताव के मुताबिक, इन ई-बसों का न्यूनतम किराया मात्र 10 रुपये रखा जा सकता है. यह सेवा न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि किफायती भी होगी. बसों के संचालन को आर्थिक रूप से टिकाऊ बनाने के लिए प्राधिकरण ‘वायबिलिटी गैप फंडिंग’ का सहारा लेगा, ताकि यात्रियों पर ज्यादा बोझ न पड़े और सेवा भी बिना रुके चलती रहे.

बसों का हाईटेक नेटवर्क: अब ऐप से बुक होगी सीट
यह बस सेवा पूरी तरह डिजिटल और आधुनिक होगी. यात्रियों के लिए एक खास मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा. इस ऐप की मदद से यात्री:

  • बस की लाइव लोकेशन ट्रैक कर सकेंगे.
  • घर बैठे अपनी सीट बुक कर पाएंगे.
  • ऑनलाइन पेमेंट (UPI/Card) के जरिए टिकट ले सकेंगे.
  • इससे यात्रियों को न तो बसों का घंटों इंतजार करना होगा और न ही ‘खुले पैसों’ की चिक-चिक होगी.

इन 5 प्रमुख रूटों पर दौड़ेगी बसें
प्राधिकरण ने इन 50 बसों को शहर के सबसे व्यस्त रूटों पर उतारने का फैसला किया है:

  1. रूट 1: सेक्टर-90 (डिपो) और बोटेनिकल गार्डन से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट (गौड़ चौक और एक मूर्ति) तक.
  2. रूट 2: सेक्टर-90 डिपो और बोटेनिकल गार्डन से सीधे जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक.
  3. रूट 3: सेक्टर-90 डिपो और बोटेनिकल गार्डन से नोएडा सेक्टर-62 के ऑफिस और मेट्रो हब तक.
  4. रूट 4: सेक्टर-90 डिपो से फेज-2 नोएडा होते हुए सूरजपुर कलेक्ट्रेट (ग्रेटर नोएडा) तक.
  5. रूट 5 (इंटरसिटी): दिल्ली के सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद के रैपिड मेट्रो स्टेशन और ISBT दिल्ली तक.

हर 15 मिनट में मिलेगी बस, वेटिंग का झंझट खत्म
अक्सर यात्रियों की शिकायत होती है कि बसें समय पर नहीं मिलतीं. इसे देखते हुए प्राधिकरण ने तय किया है कि हर 10 से 15 मिनट के अंतराल पर बस उपलब्ध होगी. कुल 50 बसों में से 45 बसें नियमित रूप से रूट पर रहेंगी, जबकि 5 बसों को ‘रिजर्व’ रखा जाएगा ताकि किसी बस के खराब होने पर यात्रियों को परेशानी न हो. इन बसों को चलाने के लिए करीब 150 ट्रेंड ड्राइवर और कंडक्टरों की तैनाती की जा रही है.

सेक्टर-90 में बनेगा हाईटेक ‘ई-बस डिपो’
बसों के रखरखाव के लिए नोएडा के सेक्टर-90 में एक अत्याधुनिक बस डिपो बनाया जा रहा है. यहां सिर्फ पार्किंग ही नहीं, बल्कि ई-चार्जिंग स्टेशन, हाईटेक सर्विस सेंटर, वर्कशॉप और ड्राइवरों के आराम के लिए रेस्ट रूम भी होंगे. इस प्रोजेक्ट में यूपी रोडवेज की भी बड़ी भूमिका है; ड्राइवर और कंडक्टर रोडवेज के होंगे, जबकि पूरी आर्थिक और बुनियादी जिम्मेदारी नोएडा प्राधिकरण उठाएगा.

About the Author

authorimg

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *