ट्रस्ट की बैठक में क्या-क्या होगा एजेंडा? क्या चंपत राय का इस्तीफा होगा मंजूर, जानिए पूरी
Last Updated:
Ram Mandir Trust Meeting: ट्रस्ट के सदस्य इस बात पर विचार करेंगे कि इन इस्तीफों को स्वीकार किया जाए या नहीं. हालांकि अंतिम निर्णय बैठक में सामूहिक सहमति से लिया जाएगा.बैठक का दूसरा महत्वपूर्ण विषय राम मंदिर के दान से संबंधित व्यवस्था रहेगा. दान चोरी मामले के सामने आने के बाद ट्रस्ट अब पूरी प्रक्रिया की समीक्षा करेगा. दान पात्र से प्राप्त होने वाली राशि के संग्रह और गणना को लेकर बैठक में चर्चा हो सकती है.
Ram Mandir Trust Meeting: राम जन्मभूमि मंदिर दान चोरी बवाल में 6 जुलाई का दिन काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक इसी तारीख को आयोजित होगी, जिसमें हालिया घटनाक्रम और ट्रस्ट के प्रशासनिक मामलों पर विस्तार से चर्चा किए जाने की संभावना है. बैठक को लेकर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी की ओर से आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है. जानकारी के अनुसार यह बैठक मणिराम दास छावनी में आयोजित होगी.
हाल के दिनों में दान व्यवस्था को लेकर उठे सवालों और विवादों के बीच ट्रस्ट के सभी प्रमुख सदस्य एक साथ बैठकर आगे की रणनीति तय करेंगे. बैठक में सबसे अधिक चर्चा महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा द्वारा दिए गए त्यागपत्रों पर होने की संभावना है.
इस्तीफे पर होगा विचार
ट्रस्ट के सदस्य इस बात पर विचार करेंगे कि चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफों को स्वीकार किया जाए या नहीं. हालांकि, अंतिम निर्णय बैठक में सामूहिक सहमति से लिया जाएगा. बैठक का दूसरा महत्वपूर्ण विषय राम मंदिर के दान से संबंधित व्यवस्था रहेगा. दान चोरी मामले के सामने आने के बाद ट्रस्ट अब पूरी प्रक्रिया की समीक्षा करेगा. दान पात्र से प्राप्त होने वाली राशि के संग्रह, गणना और बैंक तक पहुंचने की व्यवस्था में कहां कमी रह गई, किन स्तरों पर लापरवाही हुई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कौन-कौन से नए कदम उठाए जाएं.
जिम्मेदारियों का होगा बंटवारा?
सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में ट्रस्ट के कुछ पदाधिकारियों की ओर से भी महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए थे.ऐसे में माना जा रहा है कि बैठक में संगठनात्मक व्यवस्था और जिम्मेदारियों के बंटवारे पर भी मंथन हो सकता है, ताकि भविष्य में पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत बनाया जा सके.
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की संरचना की बात करें तो ट्रस्ट में कुल 15 पदाधिकारी शामिल हैं. इनमें चार पदेन सदस्य हैं, जबकि 11 नामित सदस्य हैं. इन 11 सदस्यों में से एक सदस्य का पहले ही निधन हो चुका है. ऐसे में वर्तमान परिस्थितियों में ट्रस्ट के सक्रिय सदस्य महत्वपूर्ण निर्णय लेने के लिए बैठक में शामिल होंगे.
दान चोरी के बाद पहली बैठक
दान चोरी प्रकरण के बाद यह पहली ऐसी अहम बैठक होगी, जिस पर पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं. बैठक में लिए जाने वाले फैसलों का असर न केवल ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर पड़ेगा, बल्कि राम मंदिर की दान व्यवस्था, प्रशासनिक पारदर्शिता और श्रद्धालुओं के विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.अब सभी की नजर 6 जुलाई की बैठक पर है, जहां इस्तीफों पर फैसला, दान व्यवस्था की समीक्षा और भविष्य की कार्ययोजना जैसे कई अहम मुद्दों पर निर्णय लिए जा सकते हैं.
About the Author
Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें