बहराइच: बिजली संकट से नाजिरपुरा में फूटा गुस्सा, रात भर जाग रहे लोग

0
बहराइच: बिजली संकट से नाजिरपुरा में फूटा गुस्सा, रात भर जाग रहे लोग


Last Updated:

Bahraich Power Crisis: उत्तर प्रदेश के बहराइच शहर के एक मोहल्ले में बिजली विभाग की घोर लापरवाही के खिलाफ स्थानीय जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. भीषण गर्मी के बीच पिछले चार दिनों से बिजली की आँख-मिचौनी और गंभीर फॉल्ट के कारण लोग रतजगा करने को मजबूर हैं. कभी ट्रांसफार्मर की खराबी, कभी ओवरलोड तो कभी शॉर्ट सर्किट ने पूरे इलाके की रफ्तार रोक दी है. हालत यह है कि जिम्मेदार अधिकारियों की बेरुखी के चलते अब घरों में पीने के पानी का भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है. आइए जानते हैं क्या है बहराइच के बशीरगंज पावर हाउस और नाजिरपुरा मोहल्ले से जुड़ी यह पूरी ग्राउंड रिपोर्ट.

Bahraich Power Crisis: बहराइच के मोहल्ला नाजिरपुरा की बिजली सप्लाई से लोग इस कदर परेशान हैं कि सारी-सारी रात जागकर बिताने पर मजबूर हैं. कहीं ट्रांसफार्मर की समस्या है, कहीं ओवरलोड की तो कहीं शॉर्ट सर्किट की, लेकिन बिजली विभाग के कर्मचारी मानो किसी नौसिखिया की तरह काम कर रहे हों. सारी रात फॉल्ट ढूंढने में मगन रहने के बावजूद बिजली नदारद रहती है.

चार दिनों से जारी है कटौती का खेल, कॉपर की जगह एल्युमिनियम के तारों का इस्तेमाल
बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर जब लोकल 18 की टीम ने मोहल्ले वासियों से बात की, तब उन्होंने गुस्से में अपनी पूरी दास्तान सुनाई. लोगों का कहना है कि पिछले चार दिनों से लगातार बिजली कटौती का खेल चल रहा है. कभी लाइन फॉल्ट, कभी ट्रांसफार्मर में दिक्कत तो कभी शॉर्ट सर्किट, यही चीजें लगातार सामने निकल कर आ रही हैं. बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी इसका कोई निवारण नहीं हो रहा है. जहां पर कॉपर (तांबे) के तार की आवश्यकता होती है, वहां पर भी विभाग एल्युमिनियम के तार से काम चला रहा है, जो लोड न उठा पाने की वजह से बार-बार जल जाता है.

बिजली कटौती से बढ़ा पानी का संकट, बीमार पड़ रहे बच्चे
मोहल्ले के लोगों ने यह भी बताया कि लगातार बनी हुई बिजली की समस्या की वजह से अब घरों में पीने तक का पानी नहीं बचा है. रात भर न तो बच्चे गर्मी के कारण सो पाते हैं और न ही बड़े लोग. ऐसे में लोगों का काम-धंधे पर जाना भी मुश्किल हो गया है. भीषण उमस और बिजली न होने से बच्चे बीमार भी पड़ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इसका कोई सटीक और परमानेंट सॉल्यूशन (स्थायी समाधान) नहीं निकाल रहे हैं.

बशीरगंज पावर हाउस, फोन न उठाने का भी आरोप
वैसे तो बहराइच शहर में कई पावर हाउस हैं और छुटपुट घटनाएं हर कहीं से सुनने में आती हैं, लेकिन बहराइच शहर का बशीरगंज पावर हाउस आए दिन सुर्खियों में रहता है. यहाँ पूरी गर्मी फॉल्ट की समस्या सामने आती रहती है. लाइट आती भी है तो वोल्टेज की भारी समस्या रहती है और ज्यादातर समय बिजली गुल ही रहती है. ऐसे में लोगों का आरोप यह भी है कि पावर हाउस का कार्यक्षेत्र बड़ा होने के नाते इसका नंबर हमेशा बिजी बताया करता है.

यहां तक कि कुछ लोग तो ऐसे हैं जो बिजली की समस्या होने पर पावर हाउस पर दो-चार नहीं, बल्कि सैकड़ों कॉल कर डालते हैं, लेकिन इसके बावजूद भी उनका फोन न तो लगता है और न ही उठाया जाता है. क्षेत्र के जेई साहब भी जल्दी फोन नहीं उठाते हैं, ऐसा स्थानीय लोगों का गंभीर आरोप है.

बड़े अधिकारी की फटकार के बाद हरकत में आए जेई, क्षमता बढ़ाने का काम शुरू
हालांकि, इस पूरी समस्या को लेकर लोगों ने बीते दिनों बिजली विभाग के बड़े अधिकारी से इसकी शिकायत की थी. इसके बाद लोगों ने बताया कि बिजली विभाग के बड़े अधिकारी ने जेई व पावर हाउस के कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए यहां की समस्या जल्द से जल्द दूर करने के आदेश दिए हैं. इस फटकार के बाद जेई खुद हरकत में आए हैं. इलाके में विद्युत आपूर्ति सही तरीके से बहाल हो पाए, इसके लिए अब यहां पर 100 केवी (KV) के अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की बढ़ोतरी कराई जा रही है.

About the Author

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *