बांके बिहारी कॉरिडोर के विरोध में अनशन पर बैठे गोस्वामी समाज के लोग, कहा- समझ जाओ और सुधर जाओ योगी सरकार
मथुरा: वृन्दावन के श्री बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर और न्यास के विरोध में मंदिर के चबूतरा पर क्रमिक अनशन शुरू हो गया. वहीं गोस्वामी समाज की महिलाओं ने मंदिर के गेट पर बिहारी जी के चरण पूजन कर मनौती मांगी. श्री बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर और न्यास के विरोध में चल रहे आंदोलन को बल देने के लिये क्रमिक अनशन की भी शुरुआत की गई.
श्रद्धालुओं ने भी खोला सरकार के खिलाफ मोर्चा
इतना ही नहीं यहां हर बच्चे की जुबान पर कॉरिडोर का विरोध है. हर बच्चे की जुबान पर योगी सरकार के खिलाफ गुस्सा फूटा हुआ है. लोकल 18 की टीम वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर ग्राउंड रिपोर्ट पर पहुंची और वहां के हालातों का जायजा लिया. जब लोकल 18 की टीम ने बात की, तो स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं का भी दर्द जुबान पर दिखाई पड़ा.
बांके बिहारी दर्शन को पलवल से आए मुकुल देशवाल और फर्रुखाबाद से आये अनमोल दुबे से जब लोकल 18 ने वृंदावन की बांके बिहारी कॉरिडोर निर्माण को लेकर बात की, तो यहां लोगों का गुस्सा साफ दिखाई दे रहा था. मुकुल देशवाल ने कहा कि पाकिस्तान के मुद्दे को भुलाने के साथ यहां के मुद्दा छेड़ दिया है, क्योंकि धर्म की राजनीति योगी और मोदी करते हैं. पुलवामा में हमारे जवान मारे गए. तब भी इन लोगों ने मुद्दे से लोगों को भटका दिया था. पाकिस्तान सीरीज फायर को लेकर कॉन्ट्रैक्ट हुआ था. वह सीज फायर का उल्लंघन कर रहे हैं, लेकिन अब भी इस मुद्दे को यहां अटका कर लोगों भटकाना चाहते हैं.
खून का एक-एक कतरा बहा देंगे
गाजियाबाद से दर्शन को आए नीशू वर्मा से जब लोकल 18 की टीम ने कॉरिडोर निर्माण को लेकर बातचीत की, तो उन्होंने भी इसका विरोध जताया. उन्होंने कहा कि कुंज गलियां खत्म हो जाएंगी. वृंदावन का अस्तित्व खतरे में है. इसे बचाना होगा. हम सब एक हैं और एक होकर यहां के अस्तित्व को बचाएंगे. भगवान बांके बिहारी में हमारी आस्था है और आस्था को अधिकारी और सरकार के पैरों तले नहीं रोदने देंगे. चाहे कुछ भी हो जाए. हम सरकार को कॉरिडोर निर्माण नहीं करने देंगे. खून का एक-एक कतरा हम बहा देंगे. कॉरिडोर निर्माण के विरोध में हम सब लोग एकजुट हैं.