बांके बिहारी कॉरिडोर के विरोध में अनशन पर बैठे गोस्वामी समाज के लोग, कहा- समझ जाओ और सुधर जाओ योगी सरकार

0
बांके बिहारी कॉरिडोर के विरोध में अनशन पर बैठे गोस्वामी समाज के लोग, कहा- समझ जाओ और सुधर जाओ योगी सरकार


मथुरा: वृन्दावन के श्री बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर और न्यास के विरोध में मंदिर के चबूतरा पर क्रमिक अनशन शुरू हो गया. वहीं गोस्वामी समाज की महिलाओं ने मंदिर के गेट पर बिहारी जी के चरण पूजन कर मनौती मांगी. श्री बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर और न्यास के विरोध में चल रहे आंदोलन को बल देने के लिये क्रमिक अनशन की भी शुरुआत की गई.

दीपक पाराशर ने बताया कि सायं चार बजे से आठ बजे तक अनशन रहेगा. अगर सरकार फैसला वापस नहीं लेती है, तो आमरण अनशन और भूख हड़ताल की जाएगी. कहा कि सरकार बृज और ब्रजवासियों की भावना को समझे और वृंदावन की संस्कृति और सभ्यता को नष्ट न करें.

श्रद्धालुओं ने भी खोला सरकार के खिलाफ मोर्चा

गोस्वामियों का कहना है कि अगर वृंदावन में कॉरिडोर बना, तो यहां की सभ्यता और यहां की धरोहर नष्ट हो जाएगी. लगातार कई सप्ताह बीतने के बाद भी विरोध प्रदर्शन जारी है. वृंदावन बांके बिहारी मंदिर दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं ने भी अब योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. गोस्वामी समाज के साथ यहां दर्शन को आने वाले श्रद्धालु खुलकर सामने आ गए हैं. इस आमरण अनशन के साथ-साथ लोग अपना विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं.

इतना ही नहीं यहां हर बच्चे की जुबान पर कॉरिडोर का विरोध है. हर बच्चे की जुबान पर योगी सरकार के खिलाफ गुस्सा फूटा हुआ है. लोकल 18 की टीम वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर ग्राउंड रिपोर्ट पर पहुंची और वहां के हालातों का जायजा लिया. जब लोकल 18 की टीम ने बात की, तो स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं का भी दर्द जुबान पर दिखाई पड़ा.

योगी सरकार को श्रद्धालुओं ने दे दी चेतावनी, बोले अंजाम होगा बहुत बुरा 

बांके बिहारी दर्शन को पलवल से आए मुकुल देशवाल और फर्रुखाबाद से आये अनमोल दुबे से जब लोकल 18 ने वृंदावन की बांके बिहारी कॉरिडोर निर्माण को लेकर बात की, तो यहां लोगों का गुस्सा साफ दिखाई दे रहा था. मुकुल देशवाल ने कहा कि पाकिस्तान के मुद्दे को भुलाने के साथ यहां के मुद्दा छेड़ दिया है, क्योंकि धर्म की राजनीति योगी और मोदी करते हैं. पुलवामा में हमारे जवान मारे गए. तब भी इन लोगों ने मुद्दे से लोगों को भटका दिया था. पाकिस्तान सीरीज फायर को लेकर कॉन्ट्रैक्ट हुआ था. वह सीज फायर का उल्लंघन कर रहे हैं, लेकिन अब भी इस मुद्दे को यहां अटका कर लोगों भटकाना चाहते हैं.

धर्म के साथ छेड़छाड़ कर अपनी छवि को सुधारने में सरकार लगी हुई है. फर्रुखाबाद से आए अनमोल दुबे ने योगी सरकार को साफ लहजे में चेतावनी दे दी कि सुधर जाओ नहीं, तो इसका अंजाम बहुत बुरा होगा. बांके बिहारी को हम कुंज बिहारी के नाम से पुकारते हैं. अब क्या? कॉरिडोर बिहार के नाम से पुकारा जाएगा. हमारे कुंज बिहारी को, कुंज बिहारी ही रहने दो. समझ जाओ और सुधर जाओ.

खून का एक-एक कतरा बहा देंगे

गाजियाबाद से दर्शन को आए नीशू वर्मा से जब लोकल 18 की टीम ने कॉरिडोर निर्माण को लेकर बातचीत की, तो उन्होंने भी इसका विरोध जताया. उन्होंने कहा कि कुंज गलियां खत्म हो जाएंगी. वृंदावन का अस्तित्व खतरे में है. इसे बचाना होगा. हम सब एक हैं और एक होकर यहां के अस्तित्व को बचाएंगे. भगवान बांके बिहारी में हमारी आस्था है और आस्था को अधिकारी और सरकार के पैरों तले नहीं रोदने देंगे. चाहे कुछ भी हो जाए. हम सरकार को कॉरिडोर निर्माण नहीं करने देंगे. खून का एक-एक कतरा हम बहा देंगे. कॉरिडोर निर्माण के विरोध में हम सब लोग एकजुट हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *