बांके बिहारी मंदिर मार्ग पर हंगामा! श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच मारपीट, Video
Last Updated:
Mathura News: यूपी की पावन नगरी वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर दर्शन के बीच अचानक श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई और मामला धक्का-मुक्की तक आ गया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
बांके बिहारी मंदिर मार्ग पर श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच मारपीट
मथुरा: वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर को जाने वाले मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बनाए गए होल्डिंग एरिया में पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच मारपीट हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर के मुख्य मार्ग पर मनीपाड़ा क्षेत्र के बाहर पुलिसकर्मी रस्से के माध्यम से भीड़ को नियंत्रित कर रहे थे. इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और बैरिकेडिंग पार कर जबरन आगे निकलने का प्रयास करने लगे.
कैसे शुरू हुआ विवाद
पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिस पर विवाद शुरू हो गया. बताया जा रहा है कि तीन से चार युवक रस्से के नीचे से निकलकर आगे जाना चाहते थे. पुलिसकर्मियों की ओर से रोकने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी. देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया. हालांकि वहां मौजूद एक महिला ने बीच बचाव करते हुए मामले को शांत कराया.
वर्दी खींचते हुए नजर आए युवक
वायरल वीडियो में एक युवक पुलिसकर्मी को धक्का देता दिखाई दे रहा है. इसके बाद विवाद और बढ़ गया. मौके पर मौजूद अन्य युवक भी पुलिसकर्मियों से उलझते नजर आए. वीडियो में कुछ युवक पुलिसकर्मियों की वर्दी खींचते हुए भी दिखाई दे रहे हैं. घटना के दौरान युवकों के साथ मौजूद एक महिला दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत कराने का प्रयास करती नजर आई. इस बीच वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.