‘बौने के हाथ हिलाने से धनवर्षा’.. अंधविश्वास में फंसे युवक से ठगी, फिर हत्या
Last Updated:
Bahraich Murder News: यूपी में बहराइच में अंधविश्वास के कारण एक शख्स को अपनी जान गंवानी पड़ी. युवक ने अपना 15 लाख रुपए तो गवाया ही, साथ-साथ उसको अपनी जान से भी हाथ धोना पड़ा. जाने रोंगटे खड़े करने वाली घटना की पूरी कहानी.
बहराइच: यूपी में आए दिन अंधविश्वास, ठगी, झांसा, तंत्र-मंत्र की घटनाएं सामने आती रहती हैं. लेकिन बहराइच जिले की आज जिस घटना के बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं, शायद ही ऐसी घटना कभी आपने सुनी या देखी हो. जिस घटना में युवक ने अपना 15 लाख रुपए तो गवाया ही, साथ-साथ उसको अपनी जान से भी हाथ धोना पड़ा. जाने रोंगटे खड़े करने वाली घटना की पूरी कहानी.
बहराइच पुलिस को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. अंधविश्वास और धन वर्षा का झांसा देकर 15 लाख रुपये हड़पे गए और बाद में पैसे वापस मांगने पर अजय कुमार द्विवेदी की हत्या कर दी गई. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से आलाकत्ल बांका भी बरामद कर लिया है.
लालच और अंधविश्वास से गई युवक की जान
बहराइच जिले में बीते 29 जून 2026 को सरयू नहर रोड ग्राम सिसवारी के पास अजय कुमार द्विवेदी की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई थी. जिस मामले में अगले ही दिन, 30 जून 2026 को मृतक के बेटे मनीष कुमार द्विवेदी ने स्थानीय पुलिस नानपारा में रिपोर्ट दर्ज थी. इसके बाद पुलिस जांच में जुड़ गई थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई. मुख्य आरोपी पप्पू उर्फ समीर खान ने सोशल मीडिया के जरिए अजय कुमार द्विवेदी को झांसे में लिया था.
अंधविश्वास के चक्कर में दे दिए पैसे
आरोपी का कहना था कि यदि तांत्रिक पूजा के दौरान ढाई फीट से कम कद का व्यक्ति तेजी से हवा में हाथ हिलाए, तो पैसों की बारिश होती है. इस अंधविश्वास के चक्कर में आकर पीड़ित अजय कुमार ने आरोपियों को करीब 15 लाख रुपये दे दिये थे. काफी समय बीतने के बाद भी कोई धन वर्षा नहीं हुई, तो अजय कुमार अपने 15 लाख रुपये वापस मांगने लगे और आरोपियों पर दबाव बनाने लगे. पैसे वापस न करने पड़े, इसलिए आरोपियों ने साजिश रचकर अजय को घर से बुलाया और सरयू नहर के पास गड़ासे से काटकर उनकी हत्या कर दी. जिस हत्या को दुर्घटना का रूप देने की भी आरोपियों ने पूरी कोशिश की थी, ताकि देखने से रोड एक्सीडेंट लगे.
मर्डर में इस्तेमाल किया बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए नानपारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर हाडा बसेहरी नहर पुल के पास से मुख्य आरोपी पप्पू उर्फ समीर खान, जय सिंह और सकलेन रजा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इनके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया गड़ासा भी बरामद कर लिया है. मुख्य आरोपी पर पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने सभी अभियुक्तों को कानूनी कार्रवाई के तहत न्यायालय भेज दिया है. इसके साथ ही पुलिस ने जनता से अपील करते हुए कहा कि धन को बढ़ाने के लिए शॉर्टकट रास्ता ना अपनाएं और अंधविश्वास में न फंसे. धन की बढ़ोतरी मेहनत से ही करें और मेहनत पर ही विश्वास करें और इस तरह का कृत करता हुआ अगर कोई दिखाई दे, तो पुलिस को सूचित करें.
About the Author
आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…
और पढ़ें