महेंद्र प्रताप सिंह श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए निकालेंगे यूपी में बाइक यात्रा
Last Updated:
Mathura Latest News: वकील महेंद्र प्रताप सिंह हिंदू पक्षकार और श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष है. वह लंबे सालों से श्री कृष्ण भूमि के लिए कोर्ट में लड़ाई लड़ रहे हैं, मगर अब वह यह लड़ाई जमीन पर लड़ेंगे और 5 जून को एक बड़ी मोटरसाइकिल यात्रा बुलंदशहर से मथुरा निकाल रहे है.
श्री कृष्ण जन्मभूमि यात्रा.
मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह विवाद से जनता को जोड़ने के लिए हिंदू पक्षकार और श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष एक मोटरसाइकिल यात्रा निकालने जा रहे हैं. इस यात्रा का उद्देश्य जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन के लिए जन जागृति करना है. यह यात्रा 5 जून को बुलंदशहर से शुरू होगी और 6 जून को मथुरा पहुंचेगी. इस संबंध में याचिकाकर्ता और एडवोकेट महेंद्र प्रताप ने बताया कि बुलंदशहर में गंगा तट स्थित अत्रि ऋषि की तपोभूमि श्री सिद्धबाबा धाम वनखंडेश्वरी महादेव मंदिर आश्रम रामघाट से श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति और सनातन जागृति के संदेश के साथ मोटरसाइकिल यात्रा निकाली जाएगी. यह यात्रा पांच जून को रामघाट से शुरू होकर छह जून को मथुरा पहुंचेगी. यात्रा के दौरान श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति का जयघोष और सनातन धर्म की रक्षा का संकल्प लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि यात्रा स्वामी श्री कांताचार्य रामानुज दास महाराज के सानिध्य में निकाली जा रही है. इसमें बिहार, बंगाल, ओडिशा, झारखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और महाराष्ट्र समेत विभिन्न राज्यों के श्रद्धालु शामिल होंगे. यात्रा में करीब 500 मोटरसाइकिल, 20 कार और अन्य वाहन शामिल रहेंगे.
उन्होंने बताया कि यात्रा की सफलता के लिए बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है. दो दिवसीय यात्रा के दौरान 25 स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं आयोजित होंगी. अलीगढ़ में रात्रि विश्राम के दौरान एक विशाल सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा. महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यात्रा वृंदावन और मथुरा शहर में भ्रमण करेगी. उन्होंने दावा किया कि श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर को तोड़कर मूल गर्भगृह स्थल पर औरंगजेब द्वारा मस्जिद का निर्माण कराया गया था. उसी स्थान पर मंदिर निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन चलाया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि यात्रा मथुरा शहर में भी भ्रमण करेगी. इसके बाद सलेमपुर रोड स्थित केडीएस इंटरनेशनल स्कूल में एक सभा का आयोजन भी किया जाएगा. संत कांताचार्य महाराज ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म, संस्कृति और सभ्यता को मजबूत करना तथा देशभर के हिंदुओं को एक मंच पर जोड़ना है. उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी गंगा तट से श्री कृष्ण जन्मभूमि तक पदयात्रा निकाली गई थी. गांव-गांव जाकर लोगों को आंदोलन की जानकारी दी जा रही है और बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़ रहे हैं.
चिंतामणि कुंज वृंदावन के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर डॉ. आदित्यानंद जी महाराज ने कहा कि श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर की मुक्ति को लेकर निकाली जा रही यह यात्रा आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगी. उन्होंने कहा कि यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा विषय है. समाज के हर वर्ग में श्री कृष्ण जन्मभूमि को लेकर जागरूकता बढ़ रही है और लोग बढ़-चढ़कर इस अभियान से जुड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा और आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति से जोड़ने के लिए ऐसे जनजागरण अभियान आवश्यक हैं. उन्होंने कहा कि इस यात्रा में नारी शक्ति की विशेष भागीदारी रहेगी. महिलाओं की भूमिका परिवार और समाज में सनातन संस्कारों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण है. आर.बी. चौधरी ने कहा कि हिंदू समाज अपने अधिकार की मांग कर रहा है और इतिहास इस बात का साक्षी है कि श्री कृष्ण जन्मभूमि स्थल पर मंदिर तोड़कर मस्जिद का निर्माण कराया गया था. इस मौके पर विनोद शर्मा, नरवेश सिंह, लोमेश चौधरी, प्रमोद राजपूत, सुशील उपाध्याय, वेदांश भारद्वाज मौजूद रहे.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें