मेरठ के नगला गोसाई में बनी मल्टी-लेवल बिल्डिंग, जहां तैयार होंगे इंटरनेशनल लेवल के खिलाड़ी

0
मेरठ के नगला गोसाई में बनी मल्टी-लेवल बिल्डिंग, जहां तैयार होंगे इंटरनेशनल लेवल के खिलाड़ी


Last Updated:

Meerut News: मेरठ का एक छोटा सा गांव नगला गोसाई अब सिर्फ खेती-किसानी के लिए नहीं, बल्कि देश को इंटरनेशनल खिलाड़ी देने वाले हब के रूप में पहचाना जाएगा. मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार से मिली धनराशि का इतना शानदार इस्तेमाल शायद ही कहीं देखने को मिले, यहां गांव में ही एक हाईटेक मल्टी-लेवल बिल्डिंग खड़ी कर दी गई है. शूटिंग में पहले ही अपनी धाक जमा चुके इस गांव में अब रेसलिंग, टेबल टेनिस और डांसिंग का भी प्रोफेशनल प्रशिक्षण मिलेगा. खास बात यह है कि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए यहां हॉस्टल की भी सुविधा है.

मेरठ: पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मेरठ जिला जहां एक ओर शहरी विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, वहीं दूसरी ओर इसके ग्रामीण इलाकों से भी कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं. इसका सबसे बेहतरीन उदाहरण मेरठ से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित नगला गोसाई गांव है. यहां की प्रतिभाओं को निखारा जा सके, इसके लिए मुख्यमंत्री पुरस्कार से मिली धनराशि का सदुपयोग कर एक शानदार मल्टी लेवल बिल्डिंग तैयार की गई है. लोकल-18 की टीम ने इस बदलाव को लेकर किला परीक्षितगढ़ के एडीओ पंचायत डॉ. रामनरेश से खास बातचीत की. आइये जानते हैं.

शूटिंग रेंज के बाद अब मल्टी-स्पोर्ट्स हब बनेगा गांव
एडीओ पंचायत डॉ. रामनरेश ने बताया कि किला परीक्षितगढ़ ब्लॉक का नगला गोसाई गांव शूटिंग के क्षेत्र में पहले से ही अपनी एक खास पहचान रखता है. शासन की योजना के तहत ग्राम प्रधान ने यहां एक आधुनिक शूटिंग रेंज बनवाई थी, जहां ग्रामीण युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिल रहा है. आज स्थिति यह है कि यहां स्टेट और नेशनल लेवल की प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया जा रहा है. गांव की इसी प्रगति और खेल के प्रति जुनून को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने इसे सीएम अवार्ड से सम्मानित किया था.

नूपुर गोयल के दिशा-निर्देश में बदली गांव की सूरत
मुख्य विकास अधिकारी मेरठ, आईएएस नूपुर गोयल और डीपीआरओ के दिशा-निर्देशों के अनुसार, अवार्ड में मिली राशि से गांव में एक मल्टी लेवल बिल्डिंग का निर्माण किया गया है. इस नई बिल्डिंग का उद्देश्य सिर्फ शूटिंग तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि यहां अब युवाओं को टेबल टेनिस, रेसलिंग और डांसिंग जैसे क्षेत्रों में भी प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी जाएगी. प्रशासन का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच और प्रशिक्षण की जरूरत है ताकि वे देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी भारत का नाम रोशन कर सकें.

खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल की सुविधा
गांव में खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ ठहरने की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. डॉ. रामनरेश ने बताया कि हाल ही में नगला गोसाई की शूटिंग रेंज में 6 राज्यों के खिलाड़ियों ने नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था. भविष्य में होने वाले ऐसे ही बड़े आयोजनों को देखते हुए इस नई बिल्डिंग में हॉस्टल की सुविधा भी तैयार की गई है. अब दूर-दराज से आने वाले खिलाड़ियों को रहने के लिए शहर की ओर नहीं भागना पड़ेगा, उन्हें गांव में ही विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी.

मेंटेनेंस के लिए लिया जाएगा मामूली शुल्क
नगला गोसाई गांव में शूटिंग रेंज खुलने के बाद से ही आसपास के गांवों के युवाओं में खेलों के प्रति भारी रुझान देखा जा रहा है. इस नई मल्टी लेवल बिल्डिंग के संचालन और मेंटेनेंस के लिए प्रशासन ने एक न्यूनतम शुल्क रखने का निर्णय लिया है. इससे न केवल बिल्डिंग की देखरेख समय पर होती रहेगी, बल्कि सुविधाओं का स्तर भी बरकरार रहेगा. निश्चित तौर पर, यह प्रयास ग्रामीण मेरठ के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *