मेरठ: धार्मिक स्थल परिसर में कुर्बानी पर भारी हंगामा, दो हिरासत में
Last Updated:
Meerut News: मेरठ के ऐतिहासिक नौचंदी क्षेत्र में धार्मिक स्थल परिसर में कुर्बानी को लेकर भारी हंगामा हो गया. हिंदू संगठनों के कड़े विरोध के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया है. जानिए क्या है पूरा मामला और एसपी सिटी ने क्या कहा…
Meerut News: मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र में उस वक्त भारी हड़कंप मच गया, जब धार्मिक स्थल परिसर के पास कुर्बानी देने की खबर सामने आई. इस घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और उन्होंने जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. देखते ही देखते वहां का माहौल बेहद गर्मा गया और तनाव की स्थिति पैदा हो गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी.
नौचंदी थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. इस घटना के बाद हिंदू संगठनों में भारी नाराजगी है. गुस्साए कार्यकर्ताओं ने मांग उठाई है कि पवित्र मंदिर परिसर के अंदर अब मुसलमानों के प्रवेश को पूरी तरह से बंद कर दिया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी कोई धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली घटना दोबारा न हो सके.
इस पूरे विवाद पर मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने स्थिति साफ की है. उन्होंने बताया कि राजस्थान का रहने वाला एक झूले वाला बाहर से मीट खरीदकर लाया था. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.
About the Author

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें