यूपी के कई जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी, 39 जिलों में लू का अलर्ट, जानें मौसम का हाल
लखनऊः उत्तर प्रदेश में मानसून में देरी होने के कारण और भीषण गर्मी के चलते तराई वाले इलाके भी अब लू की चपेट में आने लगे हैं. यही वजह है कि बीते रविवार को तराई का बहराइच और लखीमपुर सहित पूर्वी यूपी के प्रयागराज, गाजीपुर, वाराणसी लगातार दूसरे दिन भी लू की चपेट में रहा. मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में फिलहाल अगले दो दिन भीषण गर्मी से राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं. वहीं मौसम विभाग ने सोमवार के लिए बांदा, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी सहित सूबे के 39 जिलों में लू चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
बांदा में सबसे अधिक तापमान
बीते रविवार को मौसम विभाग के मुताबिक बांदा में सबसे अधिक तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. इसके अलावा प्रयागराज में 42.5 डिग्री, वाराणसी में 42.4 डिग्री और झांसी में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है. मौसम विभाग ने सोमवार के लिए 39 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है. क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल तीन दिनों तक प्रदेश के पूर्वी और तराई हिस्सों समेत विभिन्न हिस्सों में लू और तेज गर्मी का असर बना रहेगा. इसके बाद मानसूनी सक्रियता का दौर शुरू होने के आसार हैं.
इन जिलों में हीट वेव को लेकर अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर व आसपास के क्षेत्र में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.