यूपी में अगले 72 घंटे तक मूसलाधार बारिश, 28 से अधिक जिलों में IMD की चेतावनी
UP Rain News: उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी होने वाला है. मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के क्षेत्र और मानसूनी ट्रफ के उत्तर की ओर खिसकने के कारण प्रदेश भर में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो चुका है. आने वाले 28 से 30 जुलाई के दौरान प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी, दोनों संभागों में मूसलाधार बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली (वज्रपात) गिरने का खतरा जताया गया है.
लगभग पूरे राज्य में भारी बारिश का दौर शुरू होने की वजह से अब उमस और गर्मी से भी राहत मिलने की संभावना है. आगामी 2 से 3 दिनों के भीतर प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी. इससे लोगों को पिछले कई दिनों से सता रही भीषण उमस से पूरी तरह राहत मिलेगी.
पूर्वी और पश्चिमी यूपी के लिए चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वी यूपी में 27 से 29 जुलाई और फिर 1 से 2 अगस्त के दौरान झमाझम बारिश होगी. विशेष रूप से 28 और 29 जुलाई को कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है.पश्चिमी संभाग में 28 जुलाई से 2 अगस्त तक मानसूनी बारिश का दौर चलेगा. 28 और 29 जुलाई को पश्चिमी यूपी के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं और आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश होगी.
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से जारी नक्शे और बुलेटिन के मुताबिक, सोनभद्र, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और आसपास के क्षेत्रों में 28 और 29 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश (Very Heavy Rain) की चेतावनी दी गई है.
21 जिलों में भारी बारिश
इसके अलावा, प्रयागराज, मिर्जापुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, बाराबंकी, अमरोहा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, शामली, मेरठ, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जैसे जिलों में भारी बारिश (Heavy Rain) और मेघगर्जन के साथ वज्रपात की प्रबल संभावना है. मौसम विभाग की खास हिदायत तेज हवाओं और बिजली चमकने के दौरान मौसम विभाग ने नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है.