ये है मुरादाबाद की रॉकस्टार मॉम! बेटी संभाली, जिम्मेदारियों से जूझी और अब…
Last Updated:
मुरादाबाद की नृत्यांगना कविता शर्मा ने पारिवारिक जिम्मेदारियों के बाद डांस में वापसी कर दर्जनों पदक जीते. अब वे डांस एकेडमी चलाकर नई प्रतिभाओं को निखार रही हैं और नृत्य को अपना भविष्य बना रही हैं.
डांस के क्षेत्र में धूम मचा रही मुरादाबाद की कविता शर्मा।
हाइलाइट्स
- कविता शर्मा ने पारिवारिक जिम्मेदारियों के बाद डांस में वापसी की.
- कविता ने मुरादाबाद डांस जोन चैंपियनशिप 2018 में पहला पदक जीता.
- कविता अब डांस एकेडमी चलाकर नई प्रतिभाओं को निखार रही हैं.
मुरादाबाद- पीतलनगरी मुरादाबाद हमेशा से प्रतिभाओं की खान रही है. इस शहर ने न केवल खेल के क्षेत्र में, बल्कि मनोरंजन और कला के क्षेत्र में भी कई नामी हस्तियां दी हैं. ऐसी ही एक प्रतिभाशाली नृत्यांगना हैं कविता शर्मा, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से शहर का नाम राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर चमकाया है. 2018 में मुरादाबाद डांस जोन चैंपियनशिप में कविता ने पहला पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. इसके बाद से उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में दर्जनों पदक जीते और अपनी कला से सभी का मन मोह लिया.
नृत्य ही है कविता का भविष्य
कविता शर्मा का मानना है कि नृत्य ही उनका भविष्य है. वह निरंतर अपनी कला को निखार रही हैं और साथ ही नृत्य एकेडमी के माध्यम से नई प्रतिभाओं को भी मार्गदर्शन दे रही हैं. कथक, क्लासिकल और बॉलीवुड तीनों शैलियों में दक्ष कविता नृत्य के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं.
जिम्मेदारियों के बीच फिर लौटी नृत्य की दुनिया
शादी के बाद पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण कविता को नृत्य से थोड़ा विराम लेना पड़ा. बेटी खनक के जन्म के बाद नौकरी भी छोड़नी पड़ी. पर जब बेटी बड़ी हुई, तब उन्होंने नृत्य को अपना व्यवसाय बनाने का फैसला किया और इसके बाद कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा.वहीं लोकल 18 से खास बातचीत में कविता कहती हैं कि डांस में करियर बनाना कोई आसान काम नहीं, लेकिन मेहनत और लगन से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है.
सफलता के पथ पर कदम
2018 में मुरादाबाद जोन डांस चैंपियनशिप में पहला स्थान, उसी वर्ष उत्तर प्रदेश डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में तीसरा स्थान, और 2019 की नेशनल डांस चैंपियनशिप में भी हिस्सा लेने वाली कविता ने अपने नाम कई सम्मान अर्जित किए हैं. उनकी एकेडमी में कई युवा नृत्यप्रेमी प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिन्हें वह सफलता की राह दिखा रही हैं.