राम मंदिर चमक रहा, सिर्फ 1 किमी दूर अंधेरा! गर्मी में बिजली- पानी ने किया बेहाल, लोग बोले- मर रहे प्यासे
Last Updated:
Ayodhya Latest News:अयोध्या में 42 डिग्री गर्मी के बीच राम मंदिर से मात्र 1 किलोमीटर दूर जलवानपुरा और अयोध्या धाम जंक्शन इलाके के लोग बिजली-पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं. ट्रांसफार्मर खराब हो चुके हैं, पान…और पढ़ें
हाइलाइट्स
- भीषण गर्मी से रामनगरी के लोग और श्रद्धालु दोनों परेशान हैं.
- राम मंदिर से मात्र 1 किलोमीटर दूर इलाके में बिजली- पानी की भारी किल्लत है.
- ट्रांसफार्मर खराब हो चुके हैं और पानी की सप्लाई ठप है.
अयोध्या: भगवान श्रीराम की नगरी इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. यहां का पारा 42 डिग्री तक पहुंच चुका है. हालात ऐसे हैं कि स्थानीय लोग ही नहीं, दूर-दूर से आने वाले रामभक्त भी परेशान हैं. लेकिन इन सबसे बड़ी चिंता का विषय यह है कि राम मंदिर से महज एक किलोमीटर की दूरी पर बसे जलवानपुरा और अयोध्या धाम जंक्शन क्षेत्र के लोग बिजली और पानी की दोहरी मार झेल रहे हैं.
यह हैरानी की बात है कि जिस क्षेत्र में विश्व प्रसिद्ध राम मंदिर बना है, उसके आसपास का इलाका अंधेरे में डूबा हुआ है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्युत विभाग की लचर व्यवस्था के चलते इस इलाके में 24 घंटे के अंदर कई-कई बार बिजली कट जाती है. आलम ये है कि कई बार पूरा मोहल्ला घंटों अंधेरे में डूबा रहता है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.
गर्मी में बिजली-पानी ने किया बेहाल
बिजली की परेशानी के साथ- साथ पानी की भी विकराल समस्या लोगों को झेलनी पड़ रही है. स्थानीय निवासी शैलजा पति पांडे बताती हैं कि पिछले दो सालों से अयोध्या धाम जंक्शन से श्रीराम अस्पताल तक सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, जिसकी वजह से पाइपलाइनें प्रभावित हुई हैं. इससे इलाके में पानी की नियमित आपूर्ति बाधित है. गर्मी के इस मौसम में जब पानी की सबसे ज्यादा जरूरत है, तब लोग बाल्टी-बाल्टी पानी के लिए तरस रहे हैं.
इसी इलाके के रवि पांडे का कहना है कि मोहल्ले में पिछले 20 दिनों से हालात बेहद खराब हैं. हाल ही में जो ट्रांसफार्मर लगाया गया था, वो भी आधे घंटे में उड़ गया. जब हम लोग बिजली विभाग के अधिकारियों से बात करते हैं तो सिर्फ ‘बन जाएगा’ का जवाब मिलता है. लेकिन न कोई मिस्त्री आता है, न कोई सुधार होता है. लोगों ने कई बार विभागीय अधिकारियों और अयोध्या के जिलाधिकारी तक शिकायत की है, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं.
जमीन पर हाल बेहाल
सरकार अयोध्या को हाइटेक और मॉडल सिटी बनाने के दावे करती है, लेकिन धरातल पर हालात कुछ और ही बयां कर रहे हैं. जिन गलियों से होकर रामभक्तों की भीड़ गुजरती है, वहीं के स्थानीय नागरिक बिजली और पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं