लखनऊ-एक्सप्रेसवे के पैच वर्क को सुखाने के लिए लगे पंखे, तो अखिलेश यादव ने ली चुटकी
Last Updated:
Politics on Lucknow Kanpur Expressway : उत्तर प्रदेश में कई एक्सप्रेसवे और हाईवे इस साल बने तो हर कोई सरकार की वाहवाही करने लगा. ये हाईवे लगातार चर्चाओं में बने हुए हैं, लेकिन अपनी चकाचक सड़कों या रफ्तार के लिए नहीं बल्कि अपनी बदहाली को लेकर किरकिरी झेल रहे हैं. पहली बारिश में जहां दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की पोल खुल गई. वहीं, कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे तो कई बार टूट चुका है. दिलचस्प बात यह है कि 4200 करोड़ से बने इस एक्सप्रेसवे के उद्घाटन को अभी एक माह भी नहीं हुआ है, तब इसकी ये हालत है. अब इसकी बदहाली और इसके मरम्मत के लिए आजमाए गए अजीबोगरीब तरीके पर राजनीति शुरू हो गई है. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर सरकार पर तंज कसा है.
कानपुर -लखनऊ एक्सप्रेस वे को लेकर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर एक तस्वीर साझा कर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. मरम्मत के दौरान सड़क सुखाने के लिए पंखा लगाए जाने पर भी सवाल उठाए.
उन्होंने कहा कि ये है भाजपाई तरक्की की नई हवा… कुछ दिनों पहले ही जिसका उद्घाटन हुआ हो उस सड़क को मरम्मत की जरूरत पड़ गई. एक्सप्रेस की मरम्मत को तेजी से सुखाने के लिए पंखे का इस्तेमाल किया जा रहा है. ये भी हास्यास्पद है.
उन्होंने ‘अटल प्रोग्रेस-वे’ योजना पर भी चुटकी ली. साथ ही सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने लिखा कि 2-3 हफ्ते में ही जिस एक्सप्रेसवे का दम उखड़ने लगा है. उस पर चलने का जोखिम कौन उठाएगा? सवाल ये भी है कि ‘अटल प्रोग्रेस वे’ योजना में ही रहेगा या कभी बनेगा भी… या कागजों में बनकर उसका ‘हिस्सा-बांट’ हो चुका है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
उन्होंने कहा कि भाजपा राज में हुआ हर निर्माण चलता कम है… धंसता, ढहता, गिरता ज्यादा है. बता दें, कानपुर लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार को धंसी सड़क का मरम्मत का काम चल रहा है. कच्चे पैचवर्क को सुखाने के लिए 10 पंखे लगाए गए हैं.
मामला कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का है. उन्नाव के असोहा ब्लॉक के बेगमखेड़ा गांव के पास ये एक्सप्रेसवे कई बार टूट गया है. इसलिए निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. उद्घाटन के महज 17 दिन बाद ही एक्सप्रेसवे तीसरी बार धंस गया था.
हैरानी की बात है मरम्मत काम के लिए सामान ले जा रहा ट्रक भी सड़क में जा धंसा था. उद्घाटन के दो हफ्ते बाद ही एक्सप्रेसवे की इस हालत से सब दंग थे. हर किसी के जहन में सवाल खड़े हो गए हैं.
इससे पहले, देहरादून एक्सप्रेसवे का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें सड़क पर दो गहरे गड्ढे नजर आ रहे थे. वीडियो में शख्स कहता सुनाई दे रहा था कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का रोड इतना गंदा हो रहा है कि मेरे सामने 4 से 5 गाड़ियां अपना बैलेंस खो चुकी है. गाड़ियां गिरते-गिरते बची हैं. जबकि 2 गाड़ियों के अलॉय व्हील टेढ़े हो चुके हैं. 12 हजार करोड़ रुपये से बने वर्ल्ड क्लास दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस वे को देख लीजिए. बरसाती सीजन शुरू होते ही गड्ढे बन गए हैं.