लखनऊ के भूलभुलैया से भी खतरनाक बनारस की गलियां, एक बार घुसे तो निकलना मुश्किल
Last Updated:
Varanasi News: सात समुंदर पार से बनारस आने वाले विदेशी मेहमान बनारस की गलियों के फैन हैं. वो भी इन्ही गलियों में सुकून के पल को तलाशते हैं. इन गलियों में काशी की ऐतिहासिक धरोहर दिखती है, जिनकी खूबसूरती हर किसी को दीवाना बना देती है. इन गलियों के नाम भी अजीबोगरीब हैं.
वाराणसी: बनारस भगवान शिव के त्रिशूल पर बसा एक अद्भुत और प्राचीन शहर है. इस शहर में कई खास चीजें हैं. इसे मंदिरों के शहर के अलावा घाटों के शहर के नाम भी जाना जाता है. इन सबके अलावा काशी को गलियों का शहर भी कहते हैं. यहां की गलियां लखनऊ के भूलभुलैया से भी ज्यादा खतरनाक हैं. इन गलियों में घुसना आसान है, लेकिन यहां से निकलना उतना ही मुश्किल है.
आड़ी-तिरछी और पतली मोटी गलियों में बनारस के अलग-अलग रंग दिखते हैं. इन्ही गलियों में बनारसी स्वाद का जायका भी छिपा है और इन्ही गलियों में खटर-पटर की आवाज के बीच खूबसूरत बनारसी साड़ियां तैयार होती हैं. उनका बाजार भी इन्हीं गलियों में है.
विदेशी भी फैन
बनारस की गलियों से होकर ही आप यहां के खूबसूरत घाटों तक पहुंचते हैं. इन गलियों में प्राचीन काशी नजर आता है. सकरी गलियों के बीच ऊंचे-ऊंचे भवन देख हर कोई हैरान रह जाता है. बीएचयू के टूरिज्म डिपार्टमेंट के प्रोफेसर प्रवीण सिंह राणा ने बताया कि सात समुंदर पार से बनारस आने वाले विदेशी मेहमान भी इन गलियों के फैन हैं. वो भी इन्हीं गलियों में सुकून के पल को तलाशते हैं. इन गलियों में काशी की ऐतिहासिक धरोहर दिखती है, जिनकी खूबसूरती हर किसी को दीवाना बना देती है.
बसता है पूरा बाजार
शहर में कई ऐसे इलाके हैं, जहां गलियों में ही पूरा बाजार बसता है. इनमें चौक का ठठेरी बाजार, राजा दरवाजा, रानी कुआं, कचौड़ी गली, सप्तसागर, खोवा गली सहित कई नाम शामिल हैं. इनमें दवाओं से लेकर ज्वेलरी और बनारसी साड़ियों के बाजार हैं. इन बाजारों में हर दिन हजारों लोग खरीदारी के लिए आते हैं. कई बार तो इन गलियों में पैर रखने तक की जगह नहीं होती है.
अजीबोगरीब है गलियों का नाम
बनारस की गलियां भूल-भुलैया से भी ज्यादा खतरनाक हैं. इन गलियों में कोई अंजान शख्स यदि घुस जाए तो पूरे दिन वो इन गलियों में ही भटकता रहेगा. बनारस में कई ऐसी गली भी हैं, जिनके नाम अजीबो गरीब हैं. इन नामों को सुन आप भी हंस पड़ेंगे. बनारस में हाथी गली, सुग्गा गली, चूहा गली, गोला गली, चोर गली, भूतिया गली भी है. हालांकि यह गली अपने नाम के बिल्कुल ही विपरीत हैं. हाथी गली बिल्कुल सकरी है, जिसमें से पैदल भी गुजर पाना मुश्किल है. वहीं चूहा गली में भी आपको चूहा नहीं, बल्कि इंसान ही नजर आएंगे.
About the Author
आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…
और पढ़ें