लखनऊ में महिला पर हमला, घर में घुसकर मारपीट का वीडियो वायरल
Last Updated:
Lucknow Latest News: लखनऊ के सरोजनी नगर इलाके में एक महिला के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है. वीडियो में दो युवक महिला के घर के अंदर घुसकर उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. शुरुआती जांच में पारिवारिक और संपत्ति विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है.
महिला के साथ मारपीट करते युवक.
लखनऊ: यूपी में लखनऊ के सरोजनी नगर इलाके में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवक एक महिला के साथ हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं. मामला थाना सरोजनी नगर क्षेत्र की चंद्रशेखर आजाद नगर कॉलोनी का बताया जा रहा है.
पीड़ित महिला पुष्पा यादव ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह अपने पिता के साथ घर पर मौजूद थीं. इसी दौरान उनके रिश्तेदार घर में घुस आए और विवाद के बाद उनके साथ मारपीट की. महिला का आरोप है कि हमलावरों ने डंडों और लात-घूंसों से हमला किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी.
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई. वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया. पीड़िता का कहना है कि मारपीट के बाद परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और विवाद और बढ़ गया. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और लंबे समय से संपत्ति को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा है. इसी पारिवारिक विवाद ने बुधवार को झगड़े का रूप ले लिया.
जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत घर के बाहर कूड़ा फेंकने को लेकर हुई. दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ी और मामला मारपीट तक पहुंच गया. इसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. सरोजनी नगर पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें