सड़कों पर उमड़ा लोगों का जनसैलाब, उमाशंकर सिंह के अंतिम सफर में 500 गाड़ियां
Last Updated:
Umashankar Singh Funeral Ballia: बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (BSP) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का गुरुवार को निधन हो गया. शुक्रवार को जब उनका पार्थिव शरीर लखनऊ से उनके बलिया स्थित खनवार पैतृक आवास लाया गया, तो अंतिम दर्शनों के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा. सड़कों पर खड़े लगभग 5,000 से अधिक लोगों ने पुष्प वर्षा कर अपने चहेते नेता को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि दी. पार्थिव शरीर को ले जा रही एंबुलेंस के पीछे 500 से अधिक गाड़ियों का काफिला था, जिससे 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया. ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, उमाशंकर तेरा नाम रहेगा’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा.
बीएसपी विधायक उमाशंकर सिंह के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब
बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (BSP) के वरिष्ठ नेता व इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के निधन के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. गुरुवार को लखनऊ में अंतिम सांस लेने के बाद शुक्रवार को जब उनका पार्थिव शरीर बलिया स्थित उनके पैतृक गांव खनवार लाया गया, तो अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा. अपने लोकप्रिय नेता की अंतिम झलक पाने के लिए सड़कों पर हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे.
लखनऊ से जब विधायक उमाशंकर सिंह का पार्थिव शरीर बलिया सीमा में प्रवेश हुआ, तो रास्ते में ही लगभग 5,000 से अधिक समर्थकों और स्थानीय नागरिकों ने फूलों की बौछार कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. पार्थिव शरीर को लेकर आ रही एंबुलेंस के पीछे समर्थकों और नेताओं की लगभग 500 से अधिक गाड़ियों का भारी-भरकम काफिला चल रहा था.
गाड़ियों का काफिला इतना बड़ा था कि हाईवे पर लगभग 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया. चारों तरफ सिर्फ वाहन ही वाहन नजर आ रहे थे. स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात को सुचारू बनाने के लिए जिले के आला पुलिस अधिकारी, भारी संख्या में स्थानीय पुलिस बल और यातायात पुलिस के जवान लगातार मशक्कत करते दिखे.
‘जब तक सूरज चांद रहेगा…’ के नारों से गूंजा इलाका
उमाशंकर सिंह के अंतिम सफर के दौरान माहौल बेहद गमगीन और भावुक रहा. काफिले के गुजरने के दौरान हर तरफ समर्थकों की आंखें नम थीं. पूरे रास्ते केवल एक ही गूंज सुनाई दे रही थी, “जब तक सूरज चांद रहेगा, विधायक उमाशंकर सिंह तेरा नाम रहेगा” और “अमर रहे अमर रहे, विधायक उमाशंकर सिंह अमर रहे’.
इलाके में शोक की लहर
उमाशंकर सिंह रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार बसपा का परचम लहराते रहे हैं और वे अपनी समाजसेवा व क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए जाने जाते थे. उनके इस तरह चले जाने से न केवल बसपा बल्कि पूरे बलिया जिले की राजनीति में एक बड़ा शून्य पैदा हो गया है. खनवार स्थित उनके पैतृक आवास पर अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी की जा रही हैं, जहां विभिन्न राजनीतिक दलों के दिग्गज नेता और हजारों की संख्या में ग्रामीण उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें