सहारनपुर में होटलों की सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल, सामने आई ये कमियां
Last Updated:
Saharanpur News: दिल्ली अग्निकांड के बाद सहारनपुर में शुरू हुए होटल चेकिंग अभियान के दौरान कई होटल संचालकों की बड़ी लापरवाही सामने आई है. दमकल विभाग की जांच में कुछ होटल जैसे स्काईलार्क में फायर अलार्म सिस्टम बंद मिले, तो कई जगह आग बुझाने वाले यंत्र केवल दिखावे के लिए टंगे हुए पाए गए.
सहारनपुर: दिल्ली के एक होटल में भयंकर आग लगने से 20 से अधिक हुई लोगों की मौत के बाद सहारनपुर के होटलों का हाल भी कुछ ठीक नहीं है. दिल्ली अग्निकांड के बाद सहारनपुर में शुरू हुए होटल चेकिंग अभियान के दौरान कई होटल संचालकों की बड़ी लापरवाही सामने आई है.
दमकल विभाग की जांच में कुछ होटल जैसे स्काईलार्क में फायर अलार्म सिस्टम बंद मिले, तो कई जगह आग बुझाने वाले यंत्र केवल दिखावे के लिए टंगे हुए पाए गए. कुछ उपकरणों की वैधता अवधि समाप्त हो चुकी थी, जबकि कई स्थानों पर इमरजेंसी सुरक्षा इंतजाम अधूरे मिले. ऐसे हालात में यदि आग जैसी कोई घटना हो जाए तो लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है.
होटल संचालकों को चेतावनी
अधिकारियों ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए होटल संचालकों को कड़ी चेतावनी दी है. दमकल विभाग की टीम ने पाया कि कई होटलों में सुरक्षा मानकों का पालन केवल कागजों तक सीमित है. आग लगने की स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त नहीं मिली. कहीं फायर अलार्म काम नहीं कर रहे थे, तो कहीं आग बुझाने वाले सिलेंडर खराब अवस्था में मिले.
अधिकारियों का कहना है कि फायर सेफ्टी के नाम पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि छोटी-सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है. इसी वजह से सभी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं.
सहारनपुर के होटलों का हाल बुरा
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि जिन होटलों में कमियां मिली हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर सुधार करना होगा. यदि होटल संचालक सुरक्षा मानकों को गंभीरता से नहीं लेते हैं और कमियों को दूर नहीं करते हैं, तो उनकी एनओसी निरस्त कर दी जाएगी. साथ ही वैधानिक कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी.
प्रशासन का मानना है कि हादसे के बाद कार्रवाई करने से बेहतर है कि पहले ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. अभी फिलहाल दो होटल को नोटिस जारी किया गया है और आगे चेकिंग के दौरान जिन भी होटल में इस तरह की लापरवाही पाई जाएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.