‘सांप के बिल में हाथ डाल रहे…’ ओपी राजभर पर आगबबूला हुए सांसद आनंद भदौरिया
Last Updated:
UP News: सपा सांसद आनंद भदौरिया और सांसद उत्कर्ष वर्मा सदर कोतवाली पहुंचे और सपा पार्टी के खिलाफ भ्रामक खबर चलाने को लेकर तहरीर दी. साथ ही ओपी राजभर पर भी भड़के. कहा कि ये छुटभैया नेता हैं, बिच्छू का मंत्र नहीं मालूम और सांप के बिल में हाथ डाल रहे हैं.
लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश की सियासत में लगातार हलचल जारी है. यहां कभी सपा तो कभी भाजपा के नेता एक दूसरे पर वार करते रहते हैं. अब लखीमपुर खीरी में समाजवादी पार्टी के 26 सांसदों के दल बदलने की झूठी और भ्रामक खबर फैलाने पर सपा सांसद आनंद भदौरिया और सांसद उत्कर्ष वर्मा ने शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. साथ ही कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर भी हमला बोला है.
लखीमपुर खीरी में समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया और सांसद उत्कर्ष वर्मा सदर कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने समाजवादी पार्टी के खिलाफ भ्रामक खबर चलाने को लेकर के एक तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की. सांसदों का आरोप है कि चैनल द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर प्रसारित एक वीडियो और पोस्ट के माध्यम से समाजवादी पार्टी के 26 सांसदों के दल बदलने की झूठी और भ्रामक खबर फैलाई गई है.
सांसद आनंद भदौरिया द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा गया है कि इस तरह की खबरों से न केवल उनकी पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है बल्कि जनता के बीच भ्रम की स्थिति भी पैदा हुई है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद आनंद भदौरिया ने सुभासपा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बिना सोचे-समझे बयानबाजी कर रहे हैं और उन्हें राजनीतिक ताकत का अंदाजा नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि ये सब छुटभैया नेता हैं, इनको बिच्छू का मंत्र नहीं मालूम और सांप के बिल में हाथ डाल रहे हैं. सपा सांसद ने कहा कि फर्जी और भ्रामक खबरें फैलाकर राजनीतिक माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कानून के दायरे में रहकर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी.
About the Author

Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें