‘साहब मैं जिंदा हूं’… घूसखोरों ने जीवित शख्स का बना दिया मृत्यु प्रमाण पत्र
Last Updated:
Chitrakoot News: कहते हैं कि जब कोई व्यक्ति मर जाता है, तो उसका मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होता है. लेकिन यूपी के चित्रकूट में सरकारी घुसखोरों ने जिंदा शख्स का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया, जिसके बाद अब उसे कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. आइए शख्स से जानते हैं कि पूरा मामला क्या है.
चित्रकूट: अभी तक आपने किसी व्यक्ति की मौत के बाद उसका मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने के बारे में सुना और देखा होगा, लेकिन यूपी के चित्रकूट जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है. यहां एक व्यक्ति का आरोप है कि वह पूरी तरह जीवित है, फिर भी सरकारी रिकॉर्ड में उसे मृत दर्शाते हुए उसके नाम का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया है. इसको लेकर वह पीड़ित जिला प्रशासन से खुद को “जिंदा” साबित करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगा रहा है.
आपको बता दें कि पूरा मामला चित्रकूट जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र के रेहुटा खेड़ गांव का है, जहां के रहने वाले रमेश यादव का कहना है कि उनके नाम से फर्जी तरीके से मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर उन्हें सरकारी अभिलेखों में मृत घोषित कर दिया गया है. जब उन्हें इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिली, तो वह हैरान रह गए. उनका कहना है कि इस फर्जीवाड़े के कारण उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. आज वह कई महीनों से अपने जिंदा होने की गुहार लगा रहे हैं.
दो साल से भटक रहा पीड़ित
पीड़ित रमेश यादव ने लोकल 18 को जानकारी में बताया कि गांव के ही रहने वाले राजेंद्र कुमार पुत्र रामप्रताप यादव ने स्वयं सहायता समूह के माध्यम से ऋण लेने के लिए उनके दस्तावेजों का इस्तेमाल किया है. उनका कहना है कि ऋण की किस्तों और भुगतान से बचने के लिए उसने मेरी जानकारी और सहमति के बिना फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराया गया है, ताकि रिकॉर्ड में उन्हें मृत दिखाकर आर्थिक लाभ वह ले सके.
जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
उन्होंने आगे की जानकारी में बताया कि मृत्यु प्रमाण पत्र जारी हो जाने के बाद उनको कई तरह से सरकारी सेवाओं को लेने में काफी दिक्कत हो रही है. उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है. इसके साथ ही उच्च अधिकारियों से मिलकर उन्होंने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तत्काल निरस्त करने और वास्तविक स्थिति दर्ज करने की भी मांग की है.
About the Author
आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…
और पढ़ें