3 हजार कलम से लाखों की फसल! मुरादाबाद में HP-1 परवल बना किसानों की नई कमाई
Last Updated:
मुरादाबाद के किसान अब पारंपरिक फसलों से आगे बढ़कर परवल (HP-1 किस्म) की खेती को अपना रहे हैं. कम लागत, ज्यादा उत्पादन और बाजार में अच्छी मांग के चलते यह फसल किसानों के लिए कम समय में तगड़ी कमाई का जरिया बन रही है. बिलारी क्षेत्र में इसकी व्यावसायिक खेती से किसान लाखों रुपये तक की आमदनी कर रहे हैं.
मुरादाबाद. मुरादाबाद के किसान परवल की HP-1 किस्म अपनाकर कम समय में तगड़ा मुनाफा कमा सकते हैं. कम लागत, ज्यादा उत्पादन और रोगों के प्रति बेहतर प्रतिरोध क्षमता के कारण यह फसल किसानों के लिए आय बढ़ाने का मजबूत विकल्प बन रही है. बिलारी क्षेत्र में कई किसान व्यावसायिक स्तर पर इसकी खेती कर अच्छा लाभ ले रहे हैं. अन्य क्षेत्रों के किसान भी इसे अपनाकर बेहतर आमदनी कर सकते हैं.
कलम विधि से होती है खेती
कृषि वैज्ञानिक डॉ. दीपक मेहंदीरत्ता के अनुसार परवल की खेती बीज से नहीं, बल्कि कलम (कटिंग) के जरिए की जाती है. एक हेक्टेयर में खेती के लिए लगभग 2,500 से 3,000 कलमों की आवश्यकता होती है.
1) रोपाई के दौरान दूरी का विशेष ध्यान रखना जरूरी है क्योंकि यह बेल वाली फसल है और तेजी से फैलती है.
2) लाइन से लाइन की दूरी: 200 सेंटीमीटर.
3) पौधे से पौधे की दूरी: 150 सेंटीमीटर.
4) उचित दूरी रखने से पौधों का विकास बेहतर होता है और उत्पादन में वृद्धि होती है.
उत्पादन और पैदावार
परवल की HP-1 किस्म से प्रति हेक्टेयर लगभग 120 से 150 टन तक उपज प्राप्त की जा सकती है. यह किस्म उच्च उत्पादन क्षमता वाली मानी जाती है, जिससे किसानों को अधिक लाभ मिलता है.
बाजार में अच्छी कीमत
बाजार में परवल की मांग लगातार बनी रहती है और इसका रेट भी अच्छा मिलता है. वर्तमान में इसकी खेती कम क्षेत्र में हो रही है, जिससे किसानों को बेहतर दाम मिलने की संभावना बढ़ जाती है. कम लागत में तैयार होने वाली इस फसल से किसान 1.5 से 2 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर तक की आमदनी कर सकते हैं.
अगले साल भी काम आएगी कलम
परवल की एक और खासियत यह है कि इसकी कलम को किसान अगले वर्ष भी उपयोग में ला सकते हैं, जिससे लागत और कम हो जाती है. इस प्रकार परवल (HP-1) की खेती किसानों के लिए कम खर्च में अधिक मुनाफा देने वाली लाभदायक फसल साबित हो सकती है.
About the Author
पिछले 4 साल से मीडिया इंडस्ट्री में काम कर रही हूं और फिलहाल News18 में कार्यरत हूं. इससे पहले एक MNC में भी काम कर चुकी हूं. यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की बीट कवर करती हूं. खबरों के साथ-साथ मुझे…और पढ़ें