41,229 करोड़ रुपये से चमकेगा आपका जिला! CM योगी को मिले 4204 प्रस्ताव
Last Updated:
Lucknow Latest News: उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों को और तेज रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ मंडल के बीजेपी विधायकों और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ बड़ी समीक्षा बैठक की. बैठक में 41 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की 4204 विकास परियोजनाओं पर चर्चा हुई.
सीएम योगी.
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ मंडल के बीजेपी विधायकों और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के साथ बड़ी बैठक की. बैठक में सड़कों, पुलों और अन्य विकास कार्यों को लेकर चर्चा हुई. सीएम योगी ने साफ कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही या देरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अगर किसी परियोजना में अनावश्यक देरी हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी.
बैठक में बताया गया कि लखनऊ मंडल के अलग-अलग जिलों और विकासखंडों से करीब 41,229 करोड़ रुपये की लागत वाले 4,204 विकास प्रस्ताव मिले हैं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन प्रस्तावों की जल्द समीक्षा कर कार्ययोजना शासन को भेजी जाए, ताकि काम समय पर शुरू हो सके.
सीएम योगी ने कहा कि जून महीने के अंत तक ज्यादा से ज्यादा परियोजनाओं को मंजूरी देकर उनका काम शुरू कराया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की जरूरतों को बेहतर जानते हैं, इसलिए उनके सुझावों को गंभीरता से लिया जाए और उनकी प्राथमिकताओं के आधार पर योजनाओं को आगे बढ़ाया जाए.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य तय समय सीमा के भीतर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं. उन्होंने कहा कि सरकार जनता की जरूरतों और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
सीएम योगी ने यह भी कहा कि जिन परियोजनाओं का काम शुरू होना है, उनका शिलान्यास और भूमिपूजन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हाथों कराया जाए. इससे लोगों को विकास कार्यों की जानकारी मिलेगी और जनता का जुड़ाव भी बढ़ेगा.
बैठक में प्रभावित लोगों के हितों पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर किसी परियोजना के कारण किसी व्यक्ति को अपनी जमीन या मकान छोड़ना पड़ता है तो उसका उचित पुनर्वास किया जाए और नियमानुसार मुआवजा भी दिया जाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़कें, मजबूत पुल और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदेश के विकास की रीढ़ हैं. इसलिए हर परियोजना की नियमित निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि जनता को उसका लाभ जल्द से जल्द मिले.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें