7 मंगलवार और पूरी होगी मनोकामना! गोंडा का चमत्कारिक वीर हनुमान मंदिर

0
7 मंगलवार और पूरी होगी मनोकामना! गोंडा का चमत्कारिक वीर हनुमान मंदिर


Last Updated:

Gonda Veer Hanuman Mandir: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले का भवानियापुर स्थित ‘वीर हनुमान मंदिर’ इन दिनों लाखों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और चमत्कारिक सिद्धियों का केंद्र बना हुआ है. कहा जाता है कि इस सिद्ध पीठ पर जो भी भक्त लगातार 7 मंगलवार तक देसी घी का दीपक प्रज्वलित करता है, बजरंगबली उसकी हर मनोकामना पूरी कर देते हैं. आइए जानते हैं 50 साल पुराने इस पावन धाम की दिव्य कथा, नेपाल तक फैले इसके महात्म्य और भक्तों के अद्भुत अनुभवों के बारे में…

Gonda Veer Hanuman Mandir: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के विकासखंड रुपईडीह के भवानियापुर में स्थित वीर हनुमान मंदिर श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है. यहां रोजाना बड़ी संख्या में भक्त दर्शन-पूजन के लिए आते हैं, लेकिन मंगलवार और शनिवार को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ उमड़ती है. धार्मिक मान्यता है कि जो श्रद्धालु लगातार सात मंगलवार तक यहां देसी घी का दीपक जलाकर सच्चे मन से पूजा-अर्चना करते हैं, उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं.

50 वर्ष पुराना इतिहास: सपने में दर्शन और मंदिर निर्माण
लोकल 18 से बातचीत के दौरान मंदिर के पुजारी राम समुझ महाराज ने बताया कि करीब 50 वर्ष पहले यहां एक ऋषि-मुनि तपस्या किया करते थे. उनके जाने के बाद गांव के ही एक व्यक्ति को सपने में भगवान हनुमान ने दर्शन देकर यहां अपनी मूर्ति स्थापित करने का संकेत दिया. इसके बाद यहां भव्य मंदिर का निर्माण कराया गया और यह दिव्य स्थान ‘वीर हनुमान मंदिर’ के नाम से प्रसिद्ध हो गया.

क्या है 7 मंगलवार की खास मान्यता?
पुजारी राम समुझ महाराज आगे बताते हैं कि इस मंदिर की सबसे बड़ी मान्यता यह है कि यदि कोई भक्त यहां आकर लगातार सात मंगलवार देसी घी का दीपक जलाता है, तो पवनपुत्र हनुमान उसकी हर विपत्ति दूर कर सभी मनोकामनाएं पूरी कर देते हैं.

नेपाल तक फैली महिमा, दूर-दराज से पहुंचते हैं भक्त
मंदिर में श्रद्धालु भगवान हनुमान को सिंदूर, चमेली का तेल, फूल-माला और प्रसाद अर्पित कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं. यहां केवल गोंडा ही नहीं, बल्कि बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के अलावा पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं. प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर जाने वाले मार्ग पर स्थित होने के कारण दूर-दराज से आने वाले भक्त भी यहां शीश नवाते हैं.

भक्तों के अनुभव: ‘बेटे का इंजीनियरिंग में चयन हुआ
स्थानीय श्रद्धालु रामसहाय शुक्ला ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने अपने बेटे के इंजीनियरिंग में चयन होने की मन्नत यहाँ माँगी थी. मनोकामना पूरी होने पर उन्होंने मंदिर परिसर में अखंड रामायण पाठ और ब्राह्मण भोज का भव्य आयोजन कराया. उनका कहना है कि उनका पूरा परिवार नियमित रूप से वीर हनुमान मंदिर में दर्शन करने आता है.

मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का धाम
एक अन्य श्रद्धालु डॉ. ओम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि वह प्रतिदिन सुबह मंदिर में दर्शन करने आते हैं. उनके अनुसार यहाँ आते ही मन को अद्भुत शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है. उनका भी दृढ़ विश्वास है कि सात मंगलवार तक श्रद्धा से देसी घी का दीपक जलाने वाले भक्तों की हर इच्छा बजरंगबली की कृपा से पूरी होती है. इसी अगाध आस्था के कारण यह मंदिर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में गिना जाता है.

About the Author

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…

और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *