Lucknow News: लखनऊ में विश्वकर्मा एक्सपो का उद्घाटन, CM योगी बोले…जॉब सीकर नहीं, जॉब प्रोवाइडर बनेगा युवा

0
Lucknow News: लखनऊ में विश्वकर्मा एक्सपो का उद्घाटन, CM योगी बोले…जॉब सीकर नहीं, जॉब प्रोवाइडर बनेगा युवा


लखनऊ: राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर ‘विश्वकर्मा एक्सपो-2025’ का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया. इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि परंपरागत 11 कारीगर ट्रेड्स के साथ अब 12 नए ट्रेड्स को जोड़ा गया है. इन नए ट्रेड्स में मोबाइल रिपेयरिंग, ऑटोमोबाइल रिपेयरिंग, इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल गुड्स रिपेयरिंग, प्लंबर, कंप्यूटर रिपेयरिंग, सोलर पैनल रिपेयरिंग, डिजिटल फोटोग्राफी, ब्यूटी और वेलनेस सहित अन्य ट्रेड्स शामिल हैं. सीएम योगी ने कहा कि इन नए क्षेत्रों को जोड़कर युवाओं को आत्मनिर्भरता, आधुनिक तकनीक और वैश्विक बाजार से जोड़ा जाएगा.

उत्तर प्रदेश का बदलता स्वरूप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीते साढ़े आठ साल में यूपी के कारीगरों और शिल्पकारों ने प्रदेश को बीमारू राज्य से बाहर निकालकर विकास का ग्रोथ इंजन बना दिया है. अब कोई मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति ही इसे बीमारू राज्य कह सकता है, अन्यथा पूरे देश की धारणा बदल चुकी है. यूपी अब अनलिमिटेड पोटेंशियल वाला प्रदेश बन चुका है.

इस कार्यक्रम में प्रदेशभर के कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों के लिए बैंकों द्वारा ₹1,32,000 करोड़ का ऋण प्रदान किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राशि कई राज्यों के वार्षिक बजट से भी अधिक है. मंच से सीएम योगी ने सीतापुर की शशि देवी को ₹2 लाख और लखनऊ की अंशु शर्मा को ₹9.5 लाख का लोन प्रदान किया.

12,000 कारीगरों को बांटे गए टूलकिट
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत प्रदेशभर के 12,000 कारीगरों को टूलकिट वितरित किए गए. लखनऊ के ऋत्विक कनौजिया और प्रियंका कुमारी को भी मंच से टूलकिट प्रदान कर मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया.

सीएम योगी ने कहा कि यूपी अब बीमारू प्रदेश नहीं, बल्कि देश का ग्रोथ इंजन बन चुका है. 2017 में जहां 100 रुपये जमा पर केवल 44 रुपये का ऋण मिलता था, वहीं आज यह अनुपात 62% हो गया है. सरकार का लक्ष्य है कि अगले वित्तीय वर्ष तक इसे 75 प्रतिशत तक पहुंचाया जाए. उन्होंने युवाओं को जॉब सीकर नहीं, जॉब प्रोवाइडर बनाने पर जोर दिया.

ODOP योजना से मिली नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना ने यूपी को पूरे देश के लिए मॉडल बना दिया है. इस योजना के कारण प्रदेश ने 1,86,000 करोड़ रुपये का निर्यात किया और लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिले.

सीएम योगी ने महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के विचार को याद करते हुए कहा कि पहले गांव आत्मनिर्भर हुआ करते थे और वहां के कारीगर और शिल्पकार ही सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करते थे. आज भी कारीगर अपनी विशेषज्ञता और हुनर से प्रदेश को विकास की राह पर आगे ले जा सकते हैं. उन्होंने मेरठ, आगरा, वाराणसी, मीरजापुर और भदोही के कारीगरों के हुनर की सराहना की.

नई तकनीकी ट्रेनिंग के लिए एमओयू
इस अवसर पर विभिन्न कंपनियों और संगठनों के साथ 3 जरूरी MOU साइन किए गए. इनमें रेलटेल इंडिया, जीएमआर, शाही एक्सपोर्ट्स, यदुपति, ऊषा इंटरनेशनल, लक्मे, मिस्टर ब्राउन, राधेलाल, धोबीलाइट, मेसर्स ऐप्टेक, लाउंड्री लेजेंड, समाधान, महेश नमकीन, मिंडा सिल्का, केयर स्किल एकेडमी, अपैरल ट्रेनिंग एंड डिजाइन सेंटर, रॉयल इम्पैक्ट, विजय इंडस्ट्रीज, श्याम सन्स, अजिमुत बिजनेस ऑन व्हील्स, जेडी वेलफेयर, ब्लैक पॉटरी फाउंडेशन, एचसीएल फाउंडेशन और इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टेड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया शामिल हैं. ये कंपनियां परंपरागत कारीगरों को नई तकनीक से प्रशिक्षित करेंगी.

कनिष्ठ सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र
इसके अलावा प्रदेश के 111 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र दिए गए. मुख्यमंत्री ने मंच से 11 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे. इस दौरान सीएम योगी ने बताया कि विश्वकर्मा एक्सपो 17 से 19 सितंबर तक चलेगा. इसके बाद ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन होगा, जिसमें दुनिया भर के खरीदार आएंगे. उन्होंने कारीगरों और उद्यमियों से अपील की कि वे इस मौके का लाभ उठाएं और अपने प्रोडक्ट को वैश्विक मंच तक पहुंचाएं.

PM मोदी के जन्मदिन पर दोगुनी खुशी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की जयंती के साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है. उन्होंने इसे “दोगुनी खुशी का दिन” बताया और कहा कि पीएम मोदी द्वारा निर्धारित विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने में उत्तर प्रदेश अहम भूमिका निभाएगा.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *