बारिश में स्वर्ग जैसी खूबसूरत हो जाती है चित्रकूट की ये जगहें, नजारे देख दिल हो जाएगा खुश
Last Updated:
Best Places to Visit in Chitrakoot During Monsoon: मानसून में अगर आप चित्रकूट घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो सिर्फ मंदिरों के दर्शन करके वापस न लौटें. इस मौसम में यहां के झरने, वॉटरफॉल, मंदाकिनी नदी और हरियाली से घिरे धार्मिक स्थल अपनी अलग ही खूबसूरती बिखेरते हैं. आइए जानते हैं चित्रकूट की 8 ऐसी जगहों के बारे में, जहां बारिश के मौसम में घूमने का मजा कई गुना बढ़ जाता है.
रिमझिम बारिश का मौसम हर किसी के दिल में खुशियां लेकर आता है. इस सुहावने मौसम में हर कोई चारों तरफ फैली हरियाली और ऐसी शांत जगहों पर जाना चाहता है जहां मन को सुकून मिले. अगर आप भी इस मानसून के मौसम में प्रभु श्री राम की पावन तपोभूमि चित्रकूट आने का प्लान बना रहे हैं, तो यहां के कुछ बेहद फेमस टूरिस्ट स्पॉट्स पर घूमना बिल्कुल न भूलें. बारिश के दिनों में चित्रकूट की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है. आइए जानते हैं चित्रकूट की उन खास जगहों के बारे में जो आपकी इस यात्रा को हमेशा के लिए यादगार बना देंगी.

अगर आप बरसात के मौसम में चित्रकूट आए हैं, तो यहां के खूबसूरत वॉटरफॉल्स, ऊंची पहाड़ियों से नीचे गिरते प्राकृतिक झरने और कलकल बहते पानी में घूमने व नहाने का आनंद लेना बिल्कुल न भूलें. पहाड़ों और जंगलों के बीच से बहते पानी का यह अद्भुत नजारा आपको एक कभी न भूलने वाला यादगार पल दे सकता है.

चित्रकूट के पाठा टिकरिया में स्थित ‘तुलसी वॉटरफॉल’ का नजारा बरसात के समय वाकई अद्भुत और जादुई हो जाता है. इस वॉटरफॉल में ऊंची पहाड़ियों से पानी बड़ी तेजी से नीचे गिरता हुआ नजर आता है. पानी के इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण वहां एक अनोखा दृश्य बनता है, जहां पानी की बारीक बूंदें धुएं की तरह आसमान की तरफ उठती हुई दिखाई देती हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा के बीच बसा ‘धारकुंडी’ एक बेहद पवित्र और धार्मिक स्थान है. यहां मौजूद ऊंची पहाड़ियों और सघन जंगलों से घिरे इस पूरे इलाके में बरसात के समय चारों ओर मखमली हरियाली का एक सुंदर नजारा देखने को मिलता है. इस शांत और आध्यात्मिक वातावरण के बीच लोग यहां बने पवित्र कुंड में स्नान भी करते हैं.

चित्रकूट का ‘हनुमान धारा’ एक मुख्य आकर्षण है, जहां बरसात के समय ऊंची पहाड़ियों के बीच से प्राकृतिक पानी नीचे आता हुआ दिखाई देता है. यहां पहाड़ पर संकटमोचन बजरंगबली की एक प्राचीन प्रतिमा मौजूद है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, यह वही पावन स्थान है जहां लंका दहन के बाद बजरंगबली ने अपनी पूंछ में लगी आग को बुझाकर शीतलता पाई थी.

पावन मंदाकिनी नदी के तट पर स्थित ‘रामघाट’ पर बारिश के दिनों में नाव में बैठकर घूमने का आनंद ही कुछ और होता है. वैसे तो यहां नाव की सुविधा हर मौसम में उपलब्ध रहती है, लेकिन बारिश के मौसम में नदी के बढ़ते जलस्तर और आसपास के सुहावने माहौल के बीच नौकाविहार का मजा आपके सफर को हमेशा के लिए यादगार बना देता है.

चित्रकूट का सबसे प्रसिद्ध और पूजनीय स्थान ‘कामतानाथ’ है, जहां आने के बाद हर श्रद्धालु भगवान कामतानाथ के दर्शन और कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा जरूर करता है. यहां मौजूद प्रतिमा साक्षात प्रभु श्री राम का ही स्वरूप मानी जाती है, क्योंकि वनवास के समय भगवान राम को स्वयं इस स्थान का आशीर्वाद प्राप्त था. चित्रकूट आने पर इनके दर्शन करना कभी न भूलें.

चित्रकूट का आरोग्य धाम एक बेहद सुंदर और व्यवस्थित परिसर है, जहां लोग भीषण गर्मी से लेकर बरसात के मौसम तक स्नान करने का भरपूर आनंद लेते हैं. यहां से होकर मां मंदाकिनी का शुद्ध पानी बहता है, जो पर्यटकों के लिए किसी प्राकृतिक स्विमिंग पूल से कम नहीं है. अगर आप चित्रकूट आए हैं, तो इस पावन जल में स्नान का अनुभव जरूर लें.