रॉयल स्टैग से किंगफिशर तक… फिरोजाबाद में तैयार होती है बड़े शराब-बीयर ब्रांड्स की बोतलें
Last Updated:
Firozabad Glass Industry: फिरोजाबाद को लोग अक्सर कांच की चूड़ियों के लिए जानते हैं, लेकिन यहां की कांच इंडस्ट्री की एक और खास पहचान है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं. शहर की फैक्ट्रियों में तैयार होने वाली कांच की बोतलों की मांग देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक है. कई बड़े शराब और बीयर ब्रांड की पैकिंग इन्हीं बोतलों में होती है. जानिए कैसे फिरोजाबाद की ग्लास इंडस्ट्री करोड़ों के कारोबार का हिस्सा बन चुकी है.
Firozabad Glass Industry: उत्तर प्रदेश का फिरोजाबाद अपनी कांच की चूड़ियों के लिए दुनियाभर में पहचान रखता है, लेकिन अब यहां की कांच की बोतलें भी बड़े कारोबार का हिस्सा बन चुकी हैं. शहर की ग्लास फैक्ट्रियों में तैयार होने वाली इन बोतलों की मांग देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक है. खास बात यह है कि इन बोतलों का इस्तेमाल पानी या तेल भरने के लिए नहीं, बल्कि शराब और बीयर की पैकिंग के लिए किया जाता है. कई बड़े ब्रांड की शराब और बीयर इन्हीं बोतलों में पैक होकर बाजार तक पहुंचती है. कांच की बोतलों के इस कारोबार से फिरोजाबाद की ग्लास इंडस्ट्री को हर साल हजारों करोड़ रुपये का व्यापार मिलता है.
कई बड़े ब्रांड के लिए तैयार होती हैं कांच की बोतलें
फिरोजाबाद ग्लास इंडस्ट्री से जुड़े उद्योगपति शैलेश बंसल ने बताया कि फिरोजाबाद सिर्फ चूड़ियों के लिए ही मशहूर नहीं है, बल्कि यहां बड़ी संख्या में कांच की बोतलें भी तैयार की जाती हैं. ग्लास फैक्ट्रियों में अलग-अलग आकार और डिजाइन की बोतलें ऑर्डर के हिसाब से बनाई जाती हैं. इन बोतलों को तैयार करने की प्रक्रिया काफी लंबी होती है, जिसमें कांच को कई चरणों से गुजरना पड़ता है. इसके बाद तैयार बोतलों को पैक करके देश-विदेश में भेजा जाता है.
उन्होंने बताया कि फिरोजाबाद में तैयार होने वाली कांच की बोतलों में कई बड़े शराब और बीयर ब्रांड की पैकिंग की जाती है. इनमें रॉयल स्टैग, इंपेरियल ब्लू, ब्लेंडर्स प्राइड, मैकडॉवेल्स नंबर वन और रॉयल चैलेंज जैसे ब्रांड शामिल हैं. वहीं बीयर की बात करें तो ट्यूबर्ग, किंगफिशर समेत कई अन्य ब्रांड की बोतलों की मांग भी यहां से पूरी होती है.
विदेशी ब्रांड की भी होती है पैकिंग
शैलेश बंसल के मुताबिक, भारत में कई विदेशी शराब और बीयर ब्रांड की पैकिंग भी की जाती है. फ्रांस, जर्मनी, डेनमार्क, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के ब्रांड की बोतलों की जरूरत भी फिरोजाबाद की ग्लास इंडस्ट्री पूरी करती है. यहां की फैक्ट्रियों में तैयार होने वाली बोतलें देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों तक भेजी जाती हैं.
हर साल हजारों करोड़ का कारोबार
फिरोजाबाद की कांच इंडस्ट्री लंबे समय से लोगों को रोजगार देने के साथ ही बड़े कारोबार का केंद्र बनी हुई है. उद्योगपतियों के अनुसार, कांच की बोतलों के कारोबार से हर साल करीब 5000 करोड़ रुपये का व्यापार होता है. फिरोजाबाद को कांच उद्योग के लिए जीआई टैग भी मिल चुका है, जिससे यहां के कारोबार को अलग पहचान मिली है. सरकार भी इस उद्योग को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापारिक कार्यक्रमों का आयोजन करती है.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …
और पढ़ें