गहनों के लालच में ली थी विधवा की जान, पुलिस की हाफ एनकाउंटर के बाद दो गिरफ्तार

0
गहनों के लालच में ली थी विधवा की जान, पुलिस की हाफ एनकाउंटर के बाद दो गिरफ्तार


Last Updated:

Firozabad Police Encounter: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक विधवा महिला की हत्या और लूट के मामले में पुलिस ने दो बदमाशों को हाफ एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. एनकाउंटर के बाद पुलिस ने आकाश सुनार और लक्की नाम के अपराधी को गिरफ्तार किया. इन बदमाशों ने कमरा किराये पर लेने के बहाने घर में घुसकर महिला की हत्या की थी. इनका तीसरा साथी फिलहाल फरार है.

Zoom

पुलिस एनकाउंटर के बाद बदमाश

Crime News: फिरोजाबाद पुलिस ने देर रात लूट और हत्याकांड का अंजाम देने वाले बदमाशों को हाफ एनकाउंटर में ढेर कर दिया. बदमाशों और पुलिस के बीच हुई हाफ एनकाउंटर में दो घायल हो गए. पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैरों में लगी. इन बदमाशों ने हाल ही में थाना मक्खनपुर क्षेत्र में एक विधवा महिला की निर्मम हत्या कर लूटपाट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने इनके पास से लूटे गए जेवरात और अवैध असलहे बरामद कर लिए हैं.

फिरोजाबाद पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को थाना मक्खनपुर इलाके में अज्ञात बदमाशों ने घर में अकेली रहने वाली एक विधवा महिला की हत्या कर दी थी. महिला के शरीर से सारे जेवरात गायब थे. पुलिस की जांच में यह बात निकलकर सामने आई कि इस हत्याकांड की पूरी साजिश मक्खनपुर के ही रहने वाले आकाश सुनार ने रची थी. आकाश इस बात को अच्छी तरह से जानता था कि महिला घर में अकेली रहती है. अक्सर काफी जेवर पहनकर रखती है. जेवर लूटने के इसी लालच में आकाश ने अपने दो परिचितों मोहित और लक्की को वारदात को अंजाम देने के लिए मक्खनपुर बुलाया था.

किरायेदार बनकर घर में घुसे
प्लानिंग के तहत ये बदमाश कमरा किराये पर लेने के बहाने महिला के घर में दाखिल हुए थे. पुलिस जांच में यह भी साफ हुआ है कि 22 जुलाई को भी इन बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी, लेकिन उस दिन वे सफल नहीं हो पाए. इसके बाद अगले दिन, 23 जुलाई को वे फिर से महिला के घर पहुंचे, उसकी बेरहमी से हत्या की और सारे जेवर लूटकर फरार हो गए.

पुलिस ने किया हाफ एनकाउंटर
हत्या और लूट की इस वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे. पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुख्य साजिशकर्ता आकाश और उसका साथी लक्की किसी वारदात की फिराक में इलाके में आने वाले हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान चलाकर जाल बिछाया. कुछ ही देर बाद दोनों आरोपी एक बाइक पर आते हुए दिखाई दिए. पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग कर दी. पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आकाश और लक्की के पैरों में गोली लगी और वे बाइक समेत गिर पड़े.

घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध हथियार और लूटे गए जेवरात बरामद कर लिए हैं. वहीं, इस हत्याकांड में शामिल इनका तीसरा साथी मोहित अभी फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

About the Author

authorimg

Deep Raj DeepakSub-Editor

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर

और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *