Ayodhya News : दीपोत्सव में बनेगा ये नया रिकॉर्ड… अयोध्या में जलाए जाएंगे 26 लाख से ज्यादा दीपक
Last Updated:
Deepotsav in Ayodhya 2025: अयोध्या में इस साल भी दीपोत्सव पर रिकॉर्ड टूटने वाला है, इस साल पिछले वर्ष से अधिक दिये जलाए जाएंगे. मिली जानकारी के अनुसार इस साल 26 लाख से अधिक दिया जलाने की बात कहीं जा रही है.
अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारी युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई है. घाटों पर साफ-सफाई की जा रही है और चल रही विकास योजनाओं को दीपोत्सव से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इस बार के दीपोत्सव में 26 लाख 11 हजार दीपक जलाकर अयोध्या एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाएगी. अवध विश्वविद्यालय के लगभग 32000 वालंटियर इस कार्य को संपन्न करेंगे. दीपोत्सव 2025 को लेकर तैयारियां तेज हो चुकी हैं और अयोध्या अपने ही दीपों के प्रज्वलन के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ने की पूरी तैयारी कर रही है. पिछले वर्ष दीपों के सामूहिक प्रज्वलन को लेकर अयोध्या ने कीर्तिमान स्थापित किया था और सामूहिक सरयू आरती में 1100 लोगों ने एक साथ आरती करके विश्व रिकॉर्ड बनाया था. इस वर्ष 2025 में 2100 लोगों के द्वारा सामूहिक सरयू आरती कर एक बार फिर कीर्तिमान स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा.
अयोध्या के कमिश्नर राजेश कुमार ने बताया कि इस बार दीपोत्सव बेहद खास होगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देश के बाद तैयारी तेज कर दी गई है. 26 लाख से ज्यादा दीपक जलाए जाएंगे और इस बार सरयू आरती में 2100 लोग एक साथ शामिल होंगे. दीपोत्सव स्थल पर चल रही विकास योजनाओं को दीपोत्सव से पहले पूरा कर लिया जाएगा. कमिश्नर ने बताया कि स्थानीय कुम्हारों से भी दीपक की खरीदारी की जाएगी ताकि उनके व्यापार में भी वृद्धि हो और उनकी अर्थव्यवस्था अच्छी रहे.
विश्व के मानचित्र पर अयोध्या होगी स्थापित
सरयू आरती स्थल के अध्यक्ष शशिकांत दास ने बताया कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि अयोध्या के विकास और उत्सव को लेकर निरंतर मुख्यमंत्री जी कार्य कर रहे हैं और अयोध्या विश्व के मानचित्र पर स्थापित हो रही है. जब एक साथ 2100 लोग आरती करेंगे तो यह दृश्य त्रेता युग की तरह नजर आएगा.