CBSE 12th Topper 2025 : जौनपुर की तेजस्वी ने लहराया परचम…99.4% अंकों के साथ टॉप, अगला लक्ष्य IAS
Last Updated:
CBSE Result 2025 : तेजस्वी ने 500 में से 497 अंक अर्जित किए हैं. उनकी इस असाधारण सफलता से परिजन, शिक्षक और क्षेत्रवासी गदगद हैं. तेजस्वी बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं.
टॉपर छात्रा
हाइलाइट्स
- तेजस्वी सिंह ने 12वीं में 99.4% अंक प्राप्त किए.
- तेजस्वी का अगला लक्ष्य IAS बनना है.
- तेजस्वी ने सफलता का श्रेय मेहनत और अनुशासन को दिया.
जौनपुर. जैसा नाम, वैसा काम. जौनपुर की तेजस्वी सिंह ने अपने तेज से जिले का नाम रोशन कर दिया है. उमानाथ सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा तेजस्वी सिंह ने 12वीं की सीबीएसई परीक्षा में 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है. तेजस्वी ने कुल 500 अंकों में से 497 अंक अर्जित किए हैं. उनकी इस असाधारण सफलता से परिजन, शिक्षक और क्षेत्रवासी गौरवांवित महसूस कर रहे हैं. तेजस्वी सिंह सरायडीह रामपुर निवासी अधिवक्ता अमित प्रताप सिंह की पुत्री हैं. वे शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और हर कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती आई हैं. उनकी इस सफलता पर माता-पिता, शिक्षकों और मित्रों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की. विद्यालय प्रबंधन ने भी तेजस्वी को विशेष सम्मान देने की घोषणा की है.
मेहनत और अनुशासन का फल
तेजस्वी ने अपनी इस सफलता का श्रेय मेहनत, अनुशासन और माता-पिता के मार्गदर्शन को दिया. तेजस्वी ने बताया कि वे प्रतिदिन नियमानुसार पढ़ाई करती थीं और हर विषय को गहराई से समझने का प्रयास करती थीं. मेरे माता-पिता ने हमेशा मेरा हौसला बढ़ाया. तेजस्वी का अगला लक्ष्य भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयनित होना है. तेजस्वी ने बताया कि देश सेवा उनके बचपन का सपना है. वे एक ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी बनकर समाज में बदलाव लाना चाहती हैं.
तेजस्वी ने अभी से ही सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में जुट गई हैं और हर दिन अपने लक्ष्य के और करीब बढ़ने की दिशा में कार्य कर रही हैं. विद्यालय के प्रधानाचार्य ने तेजस्वी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्त्रोत है. क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने भी तेजस्वी को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.