Chandauli News: अब चंदौली से बाबतपुर एयरपोर्ट जाना हुआ आसान…

0
Chandauli News: अब चंदौली से बाबतपुर एयरपोर्ट जाना हुआ आसान…


चंदौली: पूर्वांचल के लोगों को एक बड़ी सौगात मिली है. लंबे समय से प्रतीक्षित रिंग रोड और गंगा नदी पर बने भव्य पुल को आखिरकार आवागमन के लिए खोल दिया गया है. जैसे ही वाहन इस रिंग रोड से गुजरने लगे, लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे. अब लोगों को मुगलसराय, पड़ाव, चौकाघाट, कचहरी, शिवपुर जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा. इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि ईंधन की खपत भी कम होगी.

यह मेगा प्रोजेक्ट वाराणसी के संदहा से शुरू होकर चंदौली के रेवसां तक जाता है. जिसकी कुल लंबाई लगभग 27 किलोमीटर है, जिसमें रेवसां से ब्रिज तक की दूरी करीब 17.8 किलोमीटर है. गंगा नदी पर बना यह भव्य ब्रिज करीब 1800 मीटर लंबा और 30 मीटर ऊंचा है, जो इलाके के इन्फ्रास्ट्रक्चर में एक बड़ा बदलाव लेकर आया है. इस पूरी परियोजना पर करीब 949 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है.

वाराणसी से चंदौली तक सफर होगा आसान
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस रिंग रोड और ब्रिज के शुरू होने से अब वाराणसी और चंदौली के बीच का सफर बेहद आसान और तेज हो गया है. साथ ही, भारी वाहनों का ट्रैफिक अब शहर से बाहर मोड़ने में मदद मिलेगी.

वहीं, बाबतपुर एयरपोर्ट तक जाना भी अब ज्यादा सुविधाजनक हो गया है. इस रिंग रोड की मदद से चंदौली के साथ-साथ कैमूर, बक्सर (बिहार) और पूर्वांचल के कई जिलों को भी सीधा संपर्क मिल गया है.

जमीन के दाम हुए पांच गुना तक ज्यादा
बसनी गांव के ग्रामीण केदार यादव ने लोकल18 से बातचीत में बताया, “शुरुआत में लोगों में नाराजगी जरूर थी, लेकिन अब सबको इसका फायदा नजर आ रहा है.” उन्होंने कहा कि रिंग रोड के आसपास पेट्रोल पंप, मॉल, होटल और ढाबे खुलने लगे हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे.
इसके साथ ही किसानों की जमीनों के दाम भी पांच गुना तक बढ़ गए हैं, जिससे ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिल रहा है.

इस रिंग रोड और पुल के निर्माण की जिम्मेदारी गेमन कॉन्ट्रैक्टर्स प्राइवेट लिमिटेड और एमसीसी महादेव कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई थी. दोनों कंपनियों ने मिलकर सड़क और ब्रिज का निर्माण समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया. इस मौके पर महादेव कंस्ट्रक्शन की टीम के सदस्य भी मौके पर मौजूद रहे.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *