Dalmandi LIVE News: दालमंडी में दुकानदार ने लगाई मकान में आग, उग्र प्रदर्शन..
Last Updated:
Varanasi Dalmandi News LIVE Updates : व्यापारियों का आरोप है कि उनके मकानों को बिना उचित जानकारी के जर्जर घोषित कर दिया गया, जबकि उनका कहना है कि भवन पूरी तरह सुरक्षित हैं. प्रशासन के अनुसार, दालमंडी क्षेत्र में कुल 187 मकानों को ध्वस्त किया जाना है, जिनमें से अब तक 29 मकान तोड़े जा चुके हैं.
वाराणसी : वाराणसी के दालमंडी इलाके में सड़क चौड़ीकरण और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के विरोध में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए. कार्रवाई के दौरान एक दुकानदार ने विरोध स्वरूप अपने मकान में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. आग लगते ही भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात हैं. अभी पूरी दालमंडी में हालात गंभीर बने हुए हैं. आग लगाने के बाद वह मौके से फरार हो गया. उसकी धरपकड़ की कोशिश की जा रही है. इस मामले में पूरी अपडेट यहां जानिए…
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर निगम और प्रशासन की टीम आज 21 मकानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर रही थी. दोपहर करीब 12 बजे से कार्रवाई शुरू हुई थी और अब तक पांच दुकानों को तोड़ा जा चुका था. जैसे ही टीम आगे के भवनों को गिराने के लिए बढ़ी, तभी एक दुकानदार छत पर पेट्रोल लेकर पहुंचा और अपनी इमारत में आग लगा दी. आग की लपटें छत तक उठती दिखीं.
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. एडीएम सिटी खुद मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. हालांकि, काफी देर तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका और लपटें लगातार उठती रहीं. बताया जा रहा है कि जिस भवन में आग लगाई गई, उसमें दुकान के ऊपर मकान बना हुआ है और घटना के समय वहां महिलाएं भी मौजूद थीं. पुलिस ने एहतियातन पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया है और लोगों से संयम बरतने की अपील की जा रही है. मजदूरों को भी मौके से हटा दिया गया है ताकि किसी तरह की जनहानि न हो.
स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि उनके मकानों को बिना उचित जानकारी के जर्जर घोषित कर दिया गया, जबकि उनका कहना है कि भवन पूरी तरह सुरक्षित हैं. प्रशासन के अनुसार, दालमंडी क्षेत्र में कुल 187 मकानों को ध्वस्त किया जाना है, जिनमें से अब तक 29 मकान तोड़े जा चुके हैं. 21 भवनों को दो दिन पहले जर्जर घोषित किया गया था, जिन पर आज कार्रवाई चल रही थी.
डेढ़ महीने से जारी इस अभियान के दौरान यह पहली बार है जब इतना उग्र विरोध सामने आया है. प्रशासन हालात को काबू में करने और किसी भी तरह की बड़ी दुर्घटना से बचने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है.
About the Author

Senior Assistant Editor in News18 Hindi with the responsibility of Regional Head (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Bihar, Jharkhand, Rajasthan, Madhya Pradesh, Chhattisgarh, Himachal Pradesh, Haryana). Active in jou…और पढ़ें