Disha Patani Firing Case: दिशा पाटनी के घर पर हमले के बाद फलाहारी बाबा का सनसनीखेज दावा, बोले- मेरी जान पर भी खतरा…

0
Disha Patani Firing Case: दिशा पाटनी के घर पर हमले के बाद फलाहारी बाबा का सनसनीखेज दावा, बोले- मेरी जान पर भी खतरा…


मथुरा: फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हाल ही में हुए हमले के बाद अब मामला और तूल पकड़ता जा रहा है. इस घटना के बीच फलाहारी बाबा ने बड़ा बयान देकर सनसनी फैला दी है. बाबा का कहना है कि उनकी जान को भी खतरा है. उन्होंने दावा किया कि अनिरुद्धाचार्य महाराज के लिव-इन रिलेशनशिप पर महिलाओं को लेकर दिए विवादित बयान का विरोध करने के बाद से ही वह निशाने पर आ गए हैं.

लिव-इन बयान का किया था विरोध
दिनेश फलाहारी बाबा ने कहा कि कुछ समय पहले अनिरुद्धाचार्य द्वारा लिव-इन रिलेशनशिप और महिलाओं पर दिए गए बयान ने समाज में गलत संदेश दिया. उन्होंने खुले तौर पर इसका विरोध किया और मोर्चा खोला. बाबा का कहना है कि इसके बाद से ही लगातार उन्हें धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने कहा कि मैंने महिलाओं की गरिमा और सम्मान के लिए आवाज उठाई, लेकिन अब मेरी जान खतरे में है.

ऐसे शुरू हुआ विवाद
दरअसल, विवाद तब शुरू हुआ जब अनिरुद्धाचार्य ने अपने प्रवचन के दौरान कहा था कि, 25 साल से ज्यादा उम्र की जो लड़कियां लिव-इन में रहती हैं, वो कई जगह मुंह मारकर आती हैं. बाद में जब यह वीडियो वायरल हुआ, तो अनिरुद्धाचार्य ने माफी मांगते हुए कहा था कि उनके शब्दों को गलत तरीके से एडिट करके फैलाया गया और वे सभी महिलाओं के लिए नहीं थे.

इस पर दिनेश फलाहारी बाबा ने कहा था कि कथावचक अनिरुद्धाचार्य कभी सीता माता पर तो कभी राधा रानी और कभी महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं. ऐसे व्यापारी भागवत आचार्य को ब्रज की भूमि में रहने का कोई अधिकार नहीं है. उनके बयान को लेकर संत समाज में नाराजगी है.

इसी बयान पर बोली थीं दिशा पाटनी की बहन…
बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने एक वीडियो जारी कर गुस्सा जाहिर किया था. मगर जब मामला बढ़ा तो उन्होंने साफ किया कि उनका गुस्सा सिर्फ और सिर्फ अनिरुद्धाचार्य के बयान पर था, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया और उनके बयान को प्रेमानंद जी महाराज से जोड़ दिया गया.

दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग मामला?
शुक्रवार तड़के जिस वक्त फायरिंग हुई, इस वक्त दिशा पाटनी के पिता रिटायर्ड सीओ जगदीश चंद्र पाटनी, मां और बहन सेवानिवृत्त मेजर खुशबू पाटनी समेत तीन लोग घर में सो रहे थे. घटना के बाद फॉरेंसिक यूनिट ने भी मौका मुआयना किया. टीम को घर की छत के छज्जे और दीवार पर फायरिंग के कई निशान मिले हैं. फायरिंग चूंकि बाइक पर पीछे बैठे शख्स ने एक ही हथियार से की तो अनुमान लगाया जा रहा है कि वह विदेशी पिस्टल रही होगी, जिससे एक ही बार में नौ राउंड फायरिंग हो सकती है.

इस फारिंग की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली है. सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर गोदारा गैंग ने कहा कि यह हमला अभिनेत्री की बहन खुशबू पाटनी द्वारा संत प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य जी महाराज के खिलाफ की गई कथित टिप्पणी का बदला है. वायरल पोस्ट में साफ चेतावनी दी गई है, ‘जो हमारे धर्म और संतों के खिलाफ बोलेगा, उसके घर पर ठायं-ठायं होगी.” गैंगस्टर ने यह भी दावा किया कि यह तो सिर्फ एक ट्रेलर है, अगली बार और बड़ा कदम उठाया जाएगा. दिशा पाटनी के घर पर हुए हमले ने पहले ही फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में बेचैनी पैदा कर दी थी. इसी कड़ी में अब फलाहारी बाबा का यह बयान सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *