Jaunpur News : यहां बांटे जा रहे फ्री में पौधे…आम, अमरूद, नींबू, सहजन, गुलाब और रातरानी मांगों क्या चाहिए?
Last Updated:
Free Plants in Jaunpur : कोई भी उद्यान विभाग की नर्सरी में जाकर मुफ्त में पौधे ला सकता है. इसके लिए कोई पंजीकरण शुल्क नहीं है. पौधे भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए जाएंगे. बस एक चीज होनी चाहिए.
जौनपुर. अगर आप भी अपने घर, खेत, मोहल्ले या गांव को हरा-भरा बनाना चाहते हैं तो यह खबर आपके लिए है. जुलाई महीने से जौनपुर जिले में ‘वृहद पौधरोपण अभियान’ के तहत उद्यान विभाग आम नागरिकों को निशुल्क पौधे बांटेगा. यह पहल जिला उद्यान अधिकारी डॉ. सीमा सिंह राणा के निर्देशन में की जा रही है, जिसका मकसद पर्यावरण संतुलन बनाए रखना और लोगों को हरियाली के लिए प्रेरित करना है. इस योजना के अंतर्गत कोई भी अपने पहचान पत्र (ID Proof) के साथ उद्यान विभाग की नर्सरी में जाकर मुफ्त में पौधे ला सकता है. इसके लिए कोई पंजीकरण शुल्क नहीं है. पौधे भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए जाएंगे.
इस अभियान के तहत फलदार, फूलदार और छायादार पौधों का वितरण किया जाएगा. इसमें आम, अमरूद, जामुन, नींबू, सहजन जैसे फलदार पौधे, गुलाब, गुड़हल, रातरानी जैसे फूलदार पौधे और नीम, पीपल, अशोक जैसे छायादार पेड़ शामिल हैं. यह सभी पौधे स्थानीय जलवायु और पारिस्थितिकी तंत्र के अनुसार तैयार किए गए हैं, जिससे उनकी जीवित रहने की संभावना अधिक होगी.
सिर्फ लगाना मकसद नहीं
यह अभियान सिर्फ पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य शहरी गर्मी कम करना, भूजल स्तर बढ़ाना, वायु की गुणवत्ता में सुधार लाना और पक्षियों व अन्य वन्यजीवों के लिए बेहतर आवास तैयार करना भी है. उद्यान विभाग ने सभी लोगों से अपील की है कि वे इस पहल का हिस्सा बनें, पौधे लें और उन्हें अपने घरों, आंगन, खेतों या सार्वजनिक स्थलों पर लगाएं. किसी भी जानकारी या मदद के लिए लोग जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.