Mathura News: कॉरिडोर विवाद में घिरी हेमा मालिनी, पुजारियों ने जताई नाराजगी
Last Updated:
Ground Report: बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर को लेकर सांसद हेमा मालिनी के बयान पर पुजारियों और गोस्वामी समाज में भारी नाराजगी है. उन्होंने हेमा को मुंबई लौटने की नसीहत दी है.
हाइलाइट्स
- वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर पर हेमा मालिनी के बयान से बवाल मचा.
- हेमा मालिनी ने कहा था- “जिन्हें रास नहीं आ रहा, वह वृंदावन छोड़ दें.”
- पुजारियों ने बयान को अपमानजनक बताया.
कॉरिडोर योजना की घोषणा के बाद से ही बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में भारी विरोध चल रहा है. स्थानीय गोस्वामी समाज के लोग पहले से ही इस योजना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन जब सांसद हेमा मालिनी का बयान वायरल हुआ तो जैसे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. मंदिर के सेवायत पुजारियों शालू गोस्वामी और छोटू गोस्वामी ने लोकल18 से बात करते हुए हेमा मालिनी को जमकर खरी-खोटी सुनाई.
पुजारियों का कहना है कि हेमा मालिनी को वृंदावन की परंपरा और संस्कृति का कोई ज्ञान नहीं है. वो माया नगरी की संस्कृति से आती हैं और वहीं जाकर अपना नाच-गाना करें. उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा कि हमने उन्हें तीन बार सांसद बना दिया और अब वक्त आ गया है कि वह यहां से माया नगरी वापस लौट जाएं. पुजारियों का साफ कहना है कि बांके बिहारी मंदिर हमारी आस्था का केंद्र है, और इस पर कोई भी समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.
गोस्वामी समाज की महिलाओं ने खोला मोर्चा
बात सिर्फ पुजारियों तक ही सीमित नहीं रही. गोस्वामी समाज की महिलाओं ने भी मोर्चा खोल दिया है. हर दिन वे किसी न किसी रूप में अपना विरोध दर्ज करा रही हैं. वहीं, कुछ स्थानीय लोग सरकार की इस कॉरिडोर योजना के समर्थन में भी हैं, जिससे विवाद और अधिक उलझ गया है.
इस पूरे मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर भी माहौल गर्म है. हेमा मालिनी का वीडियो वायरल हो चुका है और ट्विटर, फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर लोग खुलकर अपने विचार रख रहे हैं. कुछ लोग जहां सांसद के बयान को अनुचित बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे विकास विरोधी मानसिकता का नाम दे रहे हैं.
हालांकि अब तक हेमा मालिनी की तरफ से इस बयान पर कोई सफाई नहीं आई है, लेकिन बढ़ते विरोध को देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह विवाद और बढ़ सकता है. लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, और बांके बिहारी मंदिर जैसा संवेदनशील मुद्दा राजनीतिक बयानबाजी से और भी भड़क सकता है.