Maulana Tauqeer Raza Live: बरेली में जुमे की नमाज के बाद हंगामा, पथराव-लाठीचार्ज से थर्राया इलाका, इस्लामिया मैदान की जिद में भड़का विवाद
बरेली: यूपी के बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद तूल पकड़ता जा रहा है. जुमे के दिन आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के प्रदर्शन के ऐलान से पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है. अप्रिय घटना की आशंका के चलते शहर में फ्लैग मार्च किया गया. चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात किए गए हैं. ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है. कहा जा रहा था कि मौलाना रजा ने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया है. मगर, अब नया वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने साफ-साफ कहा है कि ऐसा कुछ नहीं है. बरेली में नमाज पढ़ने के लिए मौलाना तौकीर रजा कभी भी निकल सकते हैं. आइए जानते हैं सबकुछ…
September 26, 2025 15:50 IST
Prayagraj News: प्रयागराज में पुलिस और प्रशासन सतर्क
प्रयागराज में ‘I Love मोहम्मद’ विवाद को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. जुमे के दिन किसी भी हालात से निपटने के लिए पुराने शहर में डीएम मनीष वर्मा और डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया. चौक, कोतवाली, अटाला, रोशन बाग और नुरुल्लाह रोड पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए. ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है. अधिकारियों ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है, ताकि शहर का माहौल सामान्य और सुरक्षित रहे.
September 26, 2025 15:45 IST
बरेली में पुलिस पर किया पथराव
बरेली में शुक्रवार को मौलाना तौकीर रजा के प्रदर्शन के ऐलान के बाद हालात बिगड़ गए. शरारती तत्वों ने हाथों में “I Love मोहम्मद” लिखे पोस्टर लेकर जुलूस निकाला और पुलिस पर पथराव कर दिया. माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की. इसके बावजूद उपद्रवियों ने हमला करने की कोशिश की. अचानक भड़के इस बवाल से शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर हालात संभाले और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की.
September 26, 2025 15:44 IST
इस्लामिया मैदान में जाने की जिद पर हुआ हंगामा
बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद को लेकर हंगामा हो गया है. यहां जबरन इस्लामिया मैदान में जाने की जिद पर अड़े लोगों को पुलिस ने रोक लिया. इस पर भीड़ ने नारेबाजी कर दी. कुछ देर में पथराव शुरू हो गया. पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज किया. लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. इससे भगदड़ मच गई. पुलिस फोर्स इलाके में मार्च कर रही है. अधिकारी लोगों को घरों में रहने की हिदायत दे रहे हैं. आसपास के जिलों से फोर्स बढ़ा दी गई है.
September 26, 2025 15:28 IST
काशी में “I Love महादेव” टैटू का क्रेज
वाराणसी में युवाओं और महिलाओं के बीच “I Love महादेव” टैटू का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है. संतों के बाद अब टैटू की दुकानों पर लोग इस टैटू को बनवाने के लिए लंबी लाइनें लगा रहे हैं. दुकानदारों ने खास डिज़ाइन तैयार की हैं, जिन्हें देखकर युवा उत्साहित हो रहे हैं. भदैनी स्थित एक टैटू दुकान पर यह नजारा सबसे ज्यादा देखने को मिला, जहां हर उम्र के लोग इस टैटू को बनवाने पहुंचे. काशी की गलियों में महादेव के प्रति आस्था और फैशन का यह संगम एक अलग ही तस्वीर पेश कर रहा है.
September 26, 2025 14:23 IST
कासगंज में जुम्मे की नमाज और नवरात्रि को लेकर पुलिस अलर्ट
कासगंज में जुम्मे की नमाज और नवरात्रि को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है. पुलिस अधीक्षक ने भारी फोर्स के साथ मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल गस्त की. जिले के सभी धार्मिक स्थलों पर पुलिस तैनात है. कोतवाली सदर क्षेत्र की जामा मस्जिद और चामुंडा मंदिर क्षेत्र का भी भ्रमण किया गया.
September 26, 2025 14:22 IST
सीतापुर में जुम्मे की नमाज को लेकर पुलिस हाई अलर्ट, फ्लैग मार्च
सीतापुर में जुम्मे की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है. एसपी अंकुर अग्रवाल ने नमाज से पहले फ्लैग मार्च किया. सीओ सिटी विनायक गोपाल भोसले के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ फुट पेट्रोलिंग की गई. जिले में “I LOVE मोहम्मद” जैसी घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
September 26, 2025 14:03 IST
सहारनपुर में जुम्मे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न, पोस्टर प्रयास नाकाम
सहारनपुर की जामा मस्जिद पर जुम्मे की नमाज बिना किसी अप्रिय घटना के शांतिपूर्वक संपन्न हुई. मौके पर जिले के आला अधिकारी उपस्थित रहे. नवाज के बाद एडीएम प्रशासन संतोष सिंह ने बताया कि जिले और सभी तहसीलों से शांतिपूर्वक नमाज संपन्न होने की सूचना मिल रही है. जामा मस्जिद से निकले एक व्यक्ति द्वारा पोस्टर लहराने का प्रयास पुलिस ने तुरंत रोक दिया.
September 26, 2025 13:54 IST
गाजियाबाद के डासना में जुम्मे की नमाज से पहले पुलिस का फ्लैग मार्च

गाजियाबाद के वेब सिटी क्षेत्र डासना में जुम्मे की नमाज को लेकर पुलिस ने फ्लैग मार्च किया. शरारती तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रखी गई है, ताकि नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हो सके और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके.
September 26, 2025 13:51 IST
बुलंदशहर में जुम्मे की नमाज से पहले फ्लैग मार्च, सुरक्षा अलर्ट
बुलंदशहर पुलिस ने जुम्मे की नमाज को सकुशल संपन्न कराने के लिए फ्लैग मार्च किया. आगामी त्यौहारों को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस सभी धर्म गुरुओं के साथ मीटिंग कर सुरक्षा पर चर्चा कर रहे हैं. मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.
September 26, 2025 13:49 IST
जुमे की नमाज नौमहला मस्जिद में पढ़ेंगे: मौलाना रजा
बरेली में आई लव मोहम्मद मामले में इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां अपने ऐलान पर कायम हैं. उन्होंने शुक्रवार सुबह एक वीडियो जारी कर कहा कि मीडिया जो खबरें चल रही हैं, वह सरासर गलत हैं. पुलिस प्रशासन के साथ कुछ मुखबिरों ने मिलकर साजिश रचकर यह काम किया है. मौलाना ने कहा कि उन्होंने जो ऐलान किया था. उसके मुताबिक अमल किया जाएगा. जुमे की नमाज नौमहला मस्जिद में पढ़ेंगे. उसके बाद बहुत ही जिम्मेदारी और अमन के साथ हम अपनी तकलीफों और परेशानियों के लिए डीएम के जरिए राष्ट्रपति को ज्ञापन देना चाहते हैं. अगर जिला प्रशासन लोगों को रोक-टोक करेगा या उनके साथ बदतमीजी की जाएगी. ज्यादती की जाएगी तो उसकी जवाबदेही जिला प्रशासन की खुद होगी.
September 26, 2025 13:44 IST
संभल में जुमे की नमाज से पहले फ्लैगमार्च, 250 कैमरों से निगरानी
संभल में प्रशासन ने जुमे की नमाज से पहले फ्लैगमार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. हाल में अन्य जगहों पर हुई “I Love Mohammad” जैसी घटनाओं को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है. शहर में ढाईसौ सीसीटीवी कैमरों से हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही है.
September 26, 2025 13:34 IST
नमाज पढ़ने के लिए कभी भी निकल सकते हैं मौलाना तौकीर रजा
बरेली में नमाज पढ़ने के लिए मौलाना तौकीर रजा कभी भी निकल सकते हैं. उन्होंने दावा किया है कि वो नमाज पढ़ने के लिए जरूर निकलेंगे. पुलिस बल उनके घर के अंदर भी है और बाहर भी मौजूद है. ऐसे में पुलिस उन्हें कौन सी मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए बोलेगी ये कुछ देर में पता लगेगा.