Pilibhit News : कहां गायब हो गई पीलीभीत की लंगड़ी बाघिन? 2 सप्ताह बाद भी नहीं मिला सुराग!
Last Updated:
Pilibhit News In Hindi : पीलीभीत टाइगर रिज़र्व में एक लंगड़ी बाघिन 2 सप्ताह से लापता है. हालांकि पीटीआर की 5 रेंज की टीमें, 30 वनकर्मी, 30 कैमरा ट्रैप, 2 सामान्य ड्रोन और एक थर्मल ड्रोन की मदद लंगड़ी बाघिन की खोज…और पढ़ें
फाइल फोटो.
हाइलाइट्स
- पीलीभीत टाइगर रिज़र्व में लंगड़ी बाघिन 2 सप्ताह से लापता.
- वन विभाग की 5 टीमें बाघिन की तलाश में जुटी.
- 30 कैमरा ट्रैप और ड्रोन से बाघिन को खोजा जा रहा है.
पीलीभीत. उत्तर प्रदेश के पीलीभीत टाइगर रिज़र्व में एक लंगड़ी बाघिन लगभग 2 सप्ताह से लापता है. पीलीभीत टाइगर रिज़र्व की 5 टीमें 24 घंटे बाघिन की लोकेशन का पता लगाने में जुटी हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. गौरतलब है कि कुछ दिन पहले किशनपुर वाइल्डलाइफ सेंचुरी की शान कही जाने वाली बेलडंडा बाघिन चोटिल अवस्था में अचानक गायब हो गई थी. अगले ही दिन पीलीभीत टाइगर रिजर्व के चूका इलाके के पास एक बाघिन लंगड़ाते हुए देखी गई.
एक पर्यटक ने लंगड़ी बाघिन का वीडियो बनाकर वन विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी. इसके बाद वन विभाग ने लंगड़ी बाघिन के रेस्क्यू के लिए ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन बाघिन रहस्यमय तरीके से लापता हो गई. लगभग दो सप्ताह से पीलीभीत टाइगर रिज़र्व की टीमें बाघिन की लोकेशन ट्रेस करने में लगी हुई हैं. लगभग 30 वनकर्मियों, 30 कैमरा ट्रैप, 2 सामान्य ड्रोन और एक थर्मल ड्रोन की मदद से बाघिन को खोजा जा रहा है. साथ ही पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सीमा साझा करने वाली उत्तराखंड की सुरई रेंज में भी बाघिन की तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है.
क्या शिकार के दौरान घायल हुई थी बाघिन?
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाघिन असहज होकर चल रही है और उसके अगले दाएं पंजे में तकलीफ है. गौरतलब है कि बाघ शिकार के लिए अपने अगले पंजों का इस्तेमाल करता है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाघिन की सेहत भी सामान्य नहीं है. ऐसे में वन्यजीव प्रेमी बाघिन के सर्वाइवल को लेकर चिंतित हैं. पूरे मामले पर अधिक जानकारी देते हुए पीलीभीत टाइगर रिज़र्व के प्रभारी डिप्टी डायरेक्टर भरत कुमार ने बताया कि विभाग लंगड़ी बाघिन की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है. उम्मीद है कि बाघिन जल्द ही स्वस्थ अवस्था में सबके सामने आएगी.