UP में यहां बरसे बदरा, फिर भी सूर्यदेव के तीखे तेवर, 30 शहरों के लिए IMD अलर्ट
लखनऊ : पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक दो दिन से तेज गर्मी बढ़ रही है. लोग सूर्य देव के तीखे तेवर से परेशान हो गए हैं. मानसून ने एंट्री ली थी तो लगा था कि अब गर्मी से राहत मिल जाएगी, लेकिन अभी भी कुछ जिलों का हाल बुरा ही है. हालांकि, आज लखीमपुर खीरी जिले में रुक-रुक के बूंदाबांदी हो रही है. वहीं, चित्रकूट में सुबह हल्की बारिश हुई थी, लेकिन अब धूप के साथ उमस वाली गर्मी है. बलिया में कभी धूप तो कभी छांव का सिलसिला जारी है. गोंडा जिले में शुक्रवार दोपहर करीब 1: 43 से बारिश शुरू हुई है. किसानों के चेहरे खिल गए हैं. वहीं लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत हैं.
नोएडा हो या आगरा तापमान कम होने का नाम नहीं ले रहा है. इन शहरों के लिए कोई आसान अभी दिख भी नहीं रहा. हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्नदाब क्षेत्र के प्रभाव से अगले 24-48 घंटों में मानसून रफ्तार पकड़ेगा और पूर्वी यूपी के साथ प्रदेशभर में अच्छी बारिश के संकेत मिल रहे हैं. इसका असर लखनऊ और आसपास के जिलों में भी होगा. आज मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है. जबकि अन्य 29 जिलों के लिए बिजली कड़कने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
भारत मौसम विभाग (IMD) ने आज के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. तेज बारिश की वजह से सड़कें जलमग्न हो सकती हैं और कुछ इलाकों में पेड़ गिरने की भी आशंका है. किसानों को भी अपनी फसलों का ध्यान रखने की सलाह दी गई है.
50 जिलों में बारिश
गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, देवरिया, बलिया और आसपास के कई जिलों में फिलहाल मौसम जैसे का तैसा बना रहेगा. वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बुधवार को लखनऊ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बरसात हुई, लेकिन कई जगह सिर्फ बूंदाबांदी तक सीमित रही. हालांकि, शुक्रवार से इसमें बढ़ोत्तरी होगी और 20 जुलाई तक प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में हल्की से भारी बारिश के पूर्वानुमान हैं.
यहां आज गरजेंगे बदरा
लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, मिर्जापुर, चंदौली, लखनऊ, गोरखपुर, चित्रकूट, प्रयागराज, बलरामपुर, कानपुर, बस्ती, उन्नाव, अयोध्या समेत 30 से अधिक जगहों पर बिजली कड़कने के साथ ही तेज हवा चलने की संभावना है. यहां बारिश भी होगी. इससे गर्मी से राहत मिलेगी. लखनऊ का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहने की संभावना है.