UP News: मेरठ में स्वामी रामभद्राचार्य की कथा के दौरान अफरा-तफरी, AC के कंप्रेसर फटने से धुआं
रायबरेली: त्योहारों से पहले पुलिस विभाग में तबादलों की बुलेट ट्रेन, 83 कर्मियों का ट्रांसफर
रायबरेली में आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादले किए गए हैं. पुलिस प्रशासन ने 20 उपनिरीक्षकों और 63 सिपाहियों का ट्रांसफर कर दिया है. इस तबादला सूची में पुलिस लाइन में तैनात कई उपनिरीक्षकों को विभिन्न थानों में नई तैनाती दी गई है. त्योहारी सीजन से पहले पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है.
उत्तर प्रदेश के बागपत से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. जहां एक महिला ने 3 बेटियों सहित फांसी लगाकर सुसाईड कर लिया. पहले महिला ने चुन्नी से गला घोंटकर तीनों बेटियों को मौत के घाट उतार दिया. फिर उसके बाद खुद पंखे पर झूल गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भिजवाया. प्रथम दृष्टया से घटना को पति-पत्नी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है. पति टूरिस्ट बस चालक है. घटना के बाद एसपी बागपत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. महिला तेज कुमारी (29) ने अपनी बेटी गुंजन (7), किट्टो (2), मीरा (पांच माह) की चुनरी से गला घोंटकर हत्या कर दी. दोघट थाना क्षेत्र के टीकरी गांव से यह सनसनीखेज वारदात सामने आया है.
मेरठ के विक्टोरिया पार्क में चल रही श्री राम कथा के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। एयर कंडीशनर की आउटपुट यूनिट का कंप्रेसर फट गया, जो मंच से थोड़ी ही दूरी पर रखा था. तेज आवाज के साथ धुआं निकलने पर लोगों में घबराहट फैल गई. दमकल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाया। हादसे के लगभग 20 मिनट बाद कथा फिर से शुरू कराई गई.
लखनऊ के निगोहां क्षेत्र की बांक नहर में मिले शव की पहचान 24 वर्षीय शनि रावत के रूप में हुई. शनि ने डेढ़ साल पहले दूसरी बिरादरी की लड़की श्रद्धा से प्रेम विवाह किया था. आरोप है कि श्रद्धा के भाई संतोष यादव ने शनि की हत्या की. जांच में सामने आया कि सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या की गई और शव को नहर में फेंक दिया गया. मौके से खून और खून से सनी चप्पल भी बरामद हुई थी. सोशल मीडिया के जरिए शव की शिनाख्त हुई. मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.
उन्नाव में दिनदहाड़े व्यापारी के घर डकैती, पत्नी को बंधक बनाकर लाखों की लूट
उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला डाक तार कॉलोनी में बदमाशों ने दिनदहाड़े व्यापारी के घर धावा बोल दिया. दरवाजा खटखटाकर अंदर घुसे तीन लुटेरों ने व्यापारी की पत्नी को बंधक बना लिया. बदमाशों ने रस्सी से हाथ-पैर बांध दिए, मुंह पर टेप चिपकाकर कमरे में बंद कर दिया और लाखों के जेवर व नकदी लूट ले गए. महिला ने आरोप लगाया कि अलमारी और बक्से की चाबी पूछते समय बदमाशों ने मारपीट की, जिससे उसके हाथ में चोट के निशान आए. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़िता के बयान दर्ज किए और अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर सोमवार को 4 अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स को आपात स्थिति में डायवर्ट कर उतारा गया. दिल्ली से काठमांडू जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E-1153, जिसमें 160 यात्री सवार थे, लखनऊ डायवर्ट की गई. वहीं, दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाई दुबई फ्लाइट FZ-539 दोपहर 3:25 बजे और बैंकॉक से आ रही थाई लायन एयर फ्लाइट TLM-220 दोपहर 3:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरीं. मुंबई से काठमांडू जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E-1157 को पहले लखनऊ उतारकर दिल्ली भेजा गया. वर्तमान में मुंबई वाली फ्लाइट को छोड़कर बाकी सभी विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर खड़े हैं.
राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में बड़ा फैसला, कृष्ण मोहन बने नए सदस्य
अयोध्या में हुई राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में अहम निर्णय लिया गया. ट्रस्ट सदस्य कामेश्वर चौपाल के निधन से रिक्त हुए पद पर उनके ही समाज से कृष्ण मोहन को सर्वसम्मति से नया सदस्य चुना गया. हरदोई निवासी कृष्ण मोहन महाराष्ट्र वन विभाग से 2012 में रिटायर हुए थे. रिटायरमेंट के बाद से ही वे हरदोई में रहकर समाज सेवा में सक्रिय रहे. अब राम मंदिर ट्रस्ट ने उन्हें आधिकारिक रूप से सदस्य के रूप में शामिल कर लिया है. वहीं, ट्रस्ट सदस्य राजा विमलेन्द्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन से रिक्त पद पर फिलहाल सहमति नहीं बन सकी है.
बलिया बाढ़ क्षेत्र का दौरा, प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने दिए राहत के निर्देश
बलिया में प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. उन्होंने कहा कि सबसे अधिक गांव बिहार से सटे इलाके बाढ़ और कटान से प्रभावित हैं. बाढ़ का पानी चौथी बार ऊपर-नीचे हो रहा है, जिससे कटान लगातार जारी है. मंत्री ने आश्वासन दिया कि सभी बाढ़ पीड़ितों को समय पर राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है और मेडिकल टीम भी तैनात है. जिनका घर बाढ़ या कटान से क्षतिग्रस्त हुआ है, उन्हें आवास बनाकर दिया जाएगा. दयालु ने बैरिया और हल्दी क्षेत्र में DM व SP के साथ स्थिति का जायजा लिया.
सोनभद्र जिले में थाना अनपरा पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 75 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी. टीम ने अन्तर्राज्यीय शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया है. शराब बिहार विधानसभा चुनाव में खपाने की तैयारी थी. बरामदगी एक ट्रक (संख्या MP09HH6603) से हुई, जिसमें 740 पेटी में कुल 6523 लीटर अवैध शराब लोड थी. ट्रक को अनपरा थाना क्षेत्र के करहिया स्थित बंद भट्टे के पास से पकड़ा गया. कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है.
कासगंज में भंडारे का खाना खाने से 300 लोग बीमार, कई की हालत गंभीर
कासगंज जिले के थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव कायमपुर में भंडारे का खाना खाने से ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई. मंदिर पर हुई कथा के बाद भंडारा हुआ था. अगले दिन बचा हुआ खाना खाने से करीब 300 ग्रामीण बीमार हो गए. इनमें से लगभग 80 लोगों को सिढ़पुरा स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल और गंजडुंडवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया, जबकि 200 से अधिक ग्रामीणों का गांव में ही इलाज हुआ. कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. फिलहाल जिला अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों का इलाज जारी है.

लखनऊ में महिला से ठगी, लॉटरी में 30 लाख और मर्सिडीज़ का झांसा देकर उड़ाए 2.70 लाख
लखनऊ में रिटायर्ड आईएएस बने ठगी का शिकार, साइबर अपराधियों ने किया डिजिटल अरेस्ट
गाजियाबाद: आरएसएस का फर्जी जिलाध्यक्ष बनकर लोगों पर रौब जमाने वाला गिरफ्तार

गाजियाबाद क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे युवक को पकड़ा है जो खुद को आरएसएस का जिलाध्यक्ष बताकर लोगों पर रौब गालिब करता था. आरोपी की पहचान नोएडा निवासी ओमवीर के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके कब्जे से एक इनोवा गाड़ी भी बरामद की है. आरोपी को थाना विजयनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.
बस्ती: आज सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे सरस्वती विद्या मंदिर का भूमि पूजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बस्ती जिले के दौरे पर रहेंगे. वे बसहवा गांव में सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे. सीएम का हेलीकॉप्टर सुबह 10:55 बजे लैंड करेगा और 11 से 12 बजे तक कार्यक्रम में शामिल रहेंगे. जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान बुलंदशहर के लाल प्रभात गौड़ शहीद हो गए. भारतीय सेना में जेसीओ के पद पर तैनात प्रभात की शहादत की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव नरसेना थाना क्षेत्र के पाली आनंदगढ़ी में मातम पसर गया. ग्रामीणों की आंखें नम हैं और गमगीन माहौल है. शहीद का पार्थिव शरीर आज गांव पहुंचेगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा.
बागपत पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश को दबोच लिया. पकड़ा गया आरोपी विनय उर्फ बिच्छू हाईवे पर दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या करने की वारदात में वांछित चल रहा था. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक तमंचा और बाइक भी बरामद की है. यह कार्रवाई शहर कोतवाली क्षेत्र में हुई, जहां मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया.
लखनऊ में ट्रेन से शराब तस्करी का पर्दाफाश, कोच अटेंडेंट समेत तीन गिरफ्तार

लखनऊ में जीआरपी चारबाग और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने ट्रेनों के जरिए हो रही शराब तस्करी का खुलासा किया. गोमती नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर ट्रेन संख्या 15078 कामाख्या वीकली एक्सप्रेस के बी-2 कोच से 70 हजार रुपए की अवैध शराब बरामद की गई. इस मामले में कोच अटेंडेंट अविनाश पाठक, नीरज और टुनटुन कुमार को गिरफ्तार किया गया है. चारबाग जीआरपी थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
बागपत: आधी रात बिना वर्दी हाइवे पर निकले एसपी, पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का किया निरीक्षण
बागपत में एसपी सुराज कुमार राय ने क्राइम कंट्रोल को लेकर अनोखी पहल की. आधी रात को बिना वर्दी हाईवे पर निकलकर उन्होंने पुलिसकर्मियों की ड्यूटी प्वाइंट पर अचानक निरीक्षण किया. इस दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों की क्लास लेते हुए उन्हें कम समय में रिस्पॉन्स देने और मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए. रमाला, छपरौली और दोघट क्षेत्र में एसपी ने आधी रात चेकिंग अभियान चलाया और व्यवस्था को परखा.
गोंडा शहर कोतवाली क्षेत्र के आईटीआई चौराहे पर सोमवार को एक तेज रफ्तार डीसीएम ने वैगनआर कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पलट गई और उसमें सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है.
गाजियाबाद: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर चलती आर्टिका कार में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सोमवार को चलती आर्टिका कार अचानक आग की लपटों में घिर गई. चालक अशरफ़ ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई. बताया जा रहा है कि कार में लगे सीएनजी सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई और गाड़ी धू-धू कर जल उठी. मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.