UP News Live: लखनऊ एयरपोर्ट पर साढ़े 3 घंटे बंद रहेगा रनवे, उन्नाव में सड़क हादसे में 3 की मौत
लखनऊ एयरपोर्ट पर 3.5 घंटे बंद रहेगा रनवे
लखनऊ: एयरपोर्ट पर मंगलवार को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक रनवे बंद रहेगा. इस दौरान मरम्मत, मेंटेनेंस और तकनीकी कार्य किए जाएंगे, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की उड़ानें प्रभावित होंगी. कई फ्लाइट्स के समय में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ उड़ानें कैंसिल भी हो सकती हैं. एयरलाइन कंपनियों ने यात्रियों को अगला स्लॉट, कैंसिलेशन या रिफंड की सुविधा देने की बात कही है. यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट का शेड्यूल अवश्य जांच लें ताकि असुविधा से बचा जा सके.
सुल्तानपुर: थाना दोस्तपुर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें हत्या का आरोपी मोहम्मद शमीम पैर में गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने उसे पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया है. शमीम ने दो दिन पहले अंबेडकरनगर में रेलवे ट्रैक के पास एक लड़की की हत्या कर शव फेंक दिया था. पीड़िता की मां की तहरीर पर थाना दोस्तपुर में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से मोटरसाइकिल, तमंचा और कारतूस बरामद किए. पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है.
नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से शराब की खेप बरामद
नई दिल्ली: आनंद विहार टर्मिनल से कामाख्या जा रही नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान आरपीएफ को एसी 3 टियर कोच से एक लावारिस बैग मिला. तलाशी लेने पर उसमें 100 से ज्यादा छोटी-बड़ी शराब की बोतलें बरामद हुईं. जैसे ही चेकिंग हुई, तस्कर ट्रेन से कूदकर फरार हो गया. बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण शराब की खेप लगातार ट्रेनों के जरिए भेजी जा रही है. आरपीएफ टीम ने बरामद शराब जब्त कर जांच शुरू कर दी है और तस्कर की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.
गाजियाबाद में बस हादसा, कई घायल
गाजियाबाद: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर थाना वेब सिटी क्षेत्र के सनसिटी गेट के पास बड़ा हादसा हो गया. हल्द्वानी से आ रही बस अचानक एक वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में बस चालक, कंडक्टर समेत कई यात्री घायल हुए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया. हादसे से एक्सप्रेसवे पर कुछ देर तक जाम की स्थिति भी बनी रही. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
लखनऊ: बीकेटी थाना क्षेत्र के मामपुर बाना रेलवे क्रॉसिंग पर बड़ा हादसा हो गया. सीतापुर से लखनऊ आने वाली ट्रेन की चपेट में आने से दो इंटर छात्र की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों छात्र भैंसामऊ स्थित एस.आर. ग्लोबल स्कूल में इंटरमीडिएट के विद्यार्थी थे. हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अचानक हुए इस हादसे से गांव और स्कूल में शोक की लहर है. रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर स्थानीय लोगों ने भी चिंता जताई है.
कानपुर में अपराधियों पर कार्रवाई, 5 जिला बदर

कानपुर कमिश्नरेट पुलिस आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है. इसी क्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को छह महीने के लिए जिला बदर किया है. ये अपराधी महाराजपुर, हनुमंत विहार और घाटमपुर थाना क्षेत्रों से संबंधित हैं. पुलिस का कहना है कि ऐसे लोगों की मौजूदगी से क्षेत्र की शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, इसलिए उन्हें जिले की सीमाओं से बाहर किया गया है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि आदेश का उल्लंघन किया गया तो सख्त कानूनी कार्रवाई होगी.
बरेली: थाना इज्जतनगर क्षेत्र के खजुरिया गांव में उर्स के लिए जा रही चादर को लेकर हुए बवाल के बाद अब हालात सामान्य हैं. गांव में सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात है. तनाव बढ़ने पर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चादर को दरगाह आला हजरत तक भिजवाया. इस दौरान करीब आधा दर्जन शरारती तत्वों को हिरासत में लिया गया. पुलिस पूरे घटनाक्रम को आगामी पंचायत चुनाव से जोड़कर जांच कर रही है. हालात पर नजर बनाए रखने के लिए गांव में सतर्कता बढ़ा दी गई है और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है.