UP News Live: कथावाचक अनिरुद्ध आचार्य के खिलाफ कोर्ट में याचिका, महिला अधिवक्ताओं ने उठाई आवाज

0
UP News Live: कथावाचक अनिरुद्ध आचार्य के खिलाफ कोर्ट में याचिका, महिला अधिवक्ताओं ने उठाई आवाज


UP Live News: उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की खबरों को पढ़ने के लिए न्यूज18 के साथ बने रहें. यहां आपको हर तरह की खबरें मिलेंगी. राज्य में होने वाली बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी खबरें भी मिलेंगी.

कथावाचक अनिरुद्ध आचार्य की कथित विवादित टिप्पणी पर कार्रवाई न होने से नाराज महिला अधिवक्ताओं ने अब न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है. अधिवक्ता प्रियदर्शिनी, पूजा शर्मा, भावना सेंगर और सौम्या शुक्ला ने एसीजेएम प्रथम कोर्ट में याचिका दाखिल की है. बताया जा रहा है कि अनिरुद्धाचार्य द्वारा महिलाओं और युवतियों को लेकर की गई टिप्पणी से आहत होकर अधिवक्ताओं ने यह कदम उठाया है. पुलिस द्वारा अब तक कोई कार्रवाई न होने के कारण उन्होंने न्यायालय की शरण ली. याचिका बीएनएस 173(4) के अंतर्गत धारा 353(2), 353(3), 79 और 299 (मानहानि) के तहत दाखिल की गई है. कोर्ट में सुनवाई के बाद मथुरा सदर कोतवाली में इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा. इस पूरे घटनाक्रम के चलते धार्मिक जगत के इस चर्चित चेहरे पर कानूनी शिकंजा कसता नजर आ रहा है.

आग के बाद धमाकों से दहला मोहल्ला, पटाखों से भरे घर में लगी भीषण आग, 3 लोग झुलसे

मानिकपुर थाना क्षेत्र के बाल्मीकि नगर मोहल्ले में उस समय अफरा-तफरी मच गई. जब एक घर में अचानक आग लग गई और उसके बाद रुक-रुककर हो रहे धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा. धमाकों की आवाज सुनकर लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए. बताया जा रहा है कि घर में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे गए थे, जिनमें आग लगने से लगातार विस्फोट हो रहे हैं. इस हादसे में अब तक तीन लोग झुलस चुके हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल टीम आग बुझाने में जुटी हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.

जालौन: गोकुलपुरा गांव में 62 दलित परिवारों को घर खाली करने का नोटिस, तहसील पहुंचे ग्रामीण

जालौन तहसील क्षेत्र के गोकुलपुरा गांव में प्रशासन ने 62 दलित परिवारों को घर खाली करने का नोटिस जारी किया है, जिससे गांव में हड़कंप मच गया है. 95 साल पहले बसे इस गांव में 100% दलित आबादी है. नोटिस के विरोध में आधा सैकड़ा से अधिक ग्रामीण तहसील पहुंचे और उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर घर बचाने की गुहार लगाई. ग्रामीणों ने बताया कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और अचानक बेदखली का आदेश अन्यायपूर्ण है. प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर लोगों में नाराजगी है. मामले की जांच की मांग की जा रही है.

प्रयागराज: घूरपुर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग की हत्या, शराबी पड़ोसी पर हत्या का आरोप

प्रयागराज के घूरपुर थाना क्षेत्र के महावीरन गांव में 63 वर्षीय बुजुर्ग कल्लू पटेल की हत्या से सनसनी फैल गई. मृतक की पत्नी के अनुसार, पड़ोसी मौजी लाल शराब के नशे में आए दिन विवाद करता था. मंगलवार को विवाद बढ़ने पर मौजी लाल ने हत्या कर दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों से पूछताछ शुरू की. आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगी है. घटना से गांव में तनाव का माहौल है. पुलिस जांच में जुटी हुई है.

संभल: बीमा फ्रॉड में बड़ा खुलासा, जिंदा मजदूर को मृत दिखाकर लूटा पर्सनल लोन, एक गिरफ्तार

संभल के रजपुरा थाना क्षेत्र में बीमा फ्रॉड केस में बड़ा खुलासा हुआ है. जिंदा मजदूर को मृत दिखाकर उसके नाम पर पर्सनल लोन लिया गया और बीमा क्लेम हड़पने की साजिश रची गई. फर्जी कंपनी बनाकर आर्थिक अपराध किया जा रहा था. एएसपी के नेतृत्व में रजपुरा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से लैपटॉप, दो मोबाइल, 39 चेक बुक, 28 आधार कार्ड और 23 पैन कार्ड बरामद हुए हैं. पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है.

चंदौली: जगदीश सराय गांव में नंदी पी रहा गंगा जल, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

चंदौली के जगदीश सराय गांव में एक चमत्कारी दृश्य देखने को मिला, जहां नंदी को गंगा जल पीते देखा गया. इस दृश्य के बाद गांव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. लोग नंदी को गंगा जल और दूध पिला रहे हैं. सावन के पावन माह में भोलेनाथ के जयकारों के साथ लोग दूर-दूर से पहुंच रहे हैं. गांव में माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है. लोगों का मानना है कि यह शिव की कृपा है और इसे आस्था से जोड़कर देखा जा रहा है. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

बरेली: सीएम योगी की मंडलीय बैठक नई परंपरा, यूपी को बनाएगी उत्तम प्रदेश- मंत्री सुरेश खन्ना

बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनप्रतिनिधियों के साथ मंडलीय बैठक के बाद वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने न्यूज़ 18 से खास बातचीत में कहा कि यह पहल विकास की दिशा में बड़ा कदम है. उन्होंने बताया कि 15 सितंबर तक सभी प्रस्तावों का शिलान्यास होगा. सीएम की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है. प्रदेश में निवेश तेजी से बढ़ा है और बाढ़ से निपटने के लिए मंत्रीगण मौके पर जुटे हैं. बाढ़ राहत कैंप सक्रिय हैं और ज़रूरतमंदों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है.

फर्जी दस्तावेजों से बैंक लोन ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, करोड़ों की धोखाधड़ी का खुलासा

लखनऊ: एसटीएफ ने गाजियाबाद से फर्जी दस्तावेजों के जरिए बैंक लोन हड़पने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया है. गिरोह का सरगना गौरव दुआ और उसका साथी देवेश गिरफ्तार हुआ है. आरोपी फर्जी कंपनियां बनाकर कर्मचारियों की नकली प्रोफाइल तैयार करते थे और अलग-अलग बैंकों से करोड़ों रुपये के लोन उठाते थे. लोन लेकर फरार हो जाते थे. गिरोह ने अब तक कई बैंकों को करोड़ों का चूना लगाया है. एसटीएफ ने आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है.

झांसी: प्राथमिक विद्यालय में सिलेंडर से लगी आग, मची भगदड़, एक छात्र घायल, ग्रामीणों का हंगामा

झांसी की मोठ तहसील के उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़का में मिड-डे मील बनाते समय सिलेंडर में आग लग गई. विद्यालय में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई और बच्चों में भगदड़ हो गई, जिसमें एक छात्र घायल हो गया. हादसे के बाद ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर जमकर हंगामा किया और अधिकारियों पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए. मौके पर शिक्षा विभाग का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई. प्रशासनिक लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.

अयोध्या पहुंचीं महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव अयोध्या पहुंचीं और हनुमानगढ़ी व राम जन्मभूमि में दर्शन-पूजन किया. उन्होंने कहा, हनुमान जी कलयुग के साक्षात देवता हैं, सभी सनातनी को अयोध्या आना चाहिए. प्रेमानंद महाराज की टिप्पणी पर कहा कि संतों के बयान को काट-छांटकर दुष्प्रचार करना गलत है. संतों ने सनातन की रक्षा के लिए सब कुछ न्योछावर किया है. युवाओं से संतों की बात को पूरे संदर्भ में समझने की अपील की. साथ ही उत्तराखंड में बादल फटने की घटना को दुखद बताया और रेस्क्यू में धामी सरकार की सराहना की.

उत्तरकाशी जल प्रलय पर बोले जगद्गुरु रामभद्राचार्य- यह प्रकृति की भीषण आपदा…
उत्तरकाशी में आई भीषण जल प्रलय पर जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और पीड़ित परिवारों के संबल के लिए प्रार्थना की. जगद्गुरु ने कहा कि यह एक बड़ी प्राकृतिक आपदा है जिसमें कई लोगों की जान गई होगी, हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर 4 की पुष्टि हुई है. उन्होंने जन-धन के भारी नुकसान पर चिंता जताई और शोक संवेदना व्यक्त की.

लखनऊ: इंदिरा नगर के नीलगिरी कॉम्प्लेक्स में भीषण आग, इलेक्ट्रॉनिक शॉप से पेट क्लिनिक तक फैली लपटें

लखनऊ के इंदिरा नगर स्थित नीलगिरी कॉम्प्लेक्स में मंगलवार सुबह दो दुकानों में भीषण आग लग गई. आग इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के मीटर बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से लगी, जो तेजी से डॉग एंड पेट क्लिनिक तक फैल गई. दोनों दुकानों में भारी नुकसान हुआ. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस और प्रशासन जांच में जुटा है.

अयोध्या: रामनगरी में जोश से भरपूर अग्निवीर भर्ती, रोज़ाना 1000 युवा दौड़ रहे अपने सपनों के पीछे
अयोध्या कैंटोनमेंट एरिया में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया पूरे जोश के साथ जारी है. रायबरेली सहित 13 जिलों के अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं. रोजाना करीब 1000 युवा फिजिकल टेस्ट दे रहे हैं. 18 अगस्त तक चलने वाली इस प्रक्रिया के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं ताकि युवाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. डीएम के नेतृत्व में सारी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई हैं. रामनगरी इन दिनों युवा जोश और देशभक्ति के जुनून से सराबोर है.

प्रतापगढ़: कार मोड़ने की मामूली बात पर भड़का PRD जवान, अधेड़ की थप्पड़ों से पिटाई, वीडियो वायरल
प्रतापगढ़ के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित शुक्लाई सीएनजी पेट्रोल पंप पर PRD जवान की गुंडई का वीडियो वायरल हो गया है. मामूली बात पर कार चालक अधेड़ को थप्पड़ों से पीटा. मारपीट का वीडियो बना रहे लोगों को भी दी गालियां और थाने में बैठाने की धमकी दी. PRD जवान की दबंगई से पेट्रोल पंप पर दहशत का माहौल फैल गया. कार मोड़ने को लेकर हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई. अब वायरल वीडियो के बाद मामला गरमाया हुआ है, पुलिस जांच में जुटी है.

चंदौली: आटा मिल में दर्दनाक हादसा, मशीन फटने से मजदूर की मौत
चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के करवत इलाके में आटा मिल में दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई. मशीन फटने से निकला पत्थर 42 वर्षीय मुख्तार के ऊपर गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक आजमगढ़ का रहने वाला था और पिछले 15 वर्षों से मिल में काम कर रहा था. हादसे के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. मुख्तार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

गोंडा: अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत

गोंडा के कटरा बाजार थाना क्षेत्र में उसरेरिया के पास सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान अनिल कुमार (25) और मोहित कुमार (19) के रूप में हुई है, जो कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के दिनारी गांव के निवासी थे. दोनों कर्नलगंज–पहाड़पुर मार्ग से गुजर रहे थे तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. मौके पर ही दोनों की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

बुलंदशहर: D फार्मा छात्र की पेड़ से लटकी मिली लाश, इलाके में सनसनी
बुलंदशहर के खुर्जा में डी फार्मा प्रथम वर्ष के छात्र कृष्ण कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसका शव अगवाल फाटक के पास पेड़ से लटका मिला. मृतक अलीगढ़ निवासी था और खुर्जा के जेके इंस्टिट्यूट में पढ़ाई कर रहा था. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. खुर्जा नगर कोतवाली पुलिस जांच में जुटी है. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलु की जांच कर रही है. छात्र की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है.

सोनभद्र: निजी अस्पताल में गलत इंजेक्शन से युवक की मौत, परिजनों में आक्रोश
सोनभद्र के कोन थाना क्षेत्र स्थित भारत अस्पताल में गलत इंजेक्शन लगाने से एक युवक की मौत हो गई. युवक की तबीयत बिगड़ने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई. वह परिवार में अकेला था, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद अस्पताल के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई. परिजनों ने थाने में शिकायत देकर अस्पताल प्रशासन पर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. एक ही दिन में दो निजी अस्पतालों में मौत से जिले में हड़कंप मच गया है.

कानपुर में शिखर पान मसाला की तीन गाड़ियां पकड़ी गईं, करोड़ों का माल जब्त
कानपुर में प्रमुख सचिव की सूचना पर बड़ी कार्रवाई हुई. डीएम की टीम ने शिखर पान मसाला से भरी तीन गाड़ियों को पकड़ा. ये गाड़ियां बिना ई-वे बिल के करोड़ों का माल लेकर जा रही थीं. मामला सामने आने के बाद एसजीएसटी (SGST) की टीम जांच में जुट गई है. माना जा रहा है कि टैक्स चोरी का बड़ा खेल चल रहा था. अधिकारियों ने गाड़ियों को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है. जल्द ही संबंधित व्यापारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है.

लखनऊ: मिल्क पाउडर पर डिस्काउंट न देने पर मेडिकल स्टोर संचालक से मारपीट, वीडियो वायरल
लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के नबी पनाह इलाके में मिल्क पाउडर पर छूट न देने पर कुछ लोगों ने मेडिकल स्टोर संचालक बेचालाल से दुकान में घुसकर मारपीट की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. पीड़ित ने मारपीट और लूट की धाराओं में माल थाने में तहरीर दी है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोग घटना से आक्रोशित हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल है.

राजा का रामपुर: भैंस चोरी के शक में दो पक्षों में बवाल, लाठी-डंडे और पथराव से दहशत
राजा का रामपुर के मोहल्ला मलियान में देर रात भैंस चोरी के शक में दो पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ. करीब एक घंटे तक लाठी-डंडे चलते रहे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. राहगीर भी पथराव का शिकार हुए. वीडियो वायरल होने के बाद कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. लोगों का आरोप है कि सूचना के बावजूद पुलिस देर से पहुंची. थाना प्रभारी ने बताया कि हमलावर फरार हैं और जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी. पूर्व में भी एक पक्ष पर पथराव के मामले दर्ज हैं, क्षेत्र में तनाव व्याप्त है.

योगी सरकार में पहली बार हेलीकॉप्टर और चार्टर्ड प्लेन खरीद का फैसला

cm yogi news

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने पहली बार चार्टर्ड प्लेन और हेलीकॉप्टर खरीदने का फैसला लिया है. सरकार के बेड़े में जल्द शामिल होगा अत्याधुनिक अगस्ता वेस्टलैंड AW-139 हेलीकॉप्टर, जिसकी रफ्तार 278 किमी/घंटा है. यह बुलेटप्रूफ होता है और इसमें मशीनगन भी लगाई जा सकती है. तीन पायलटों को प्रशिक्षण के लिए इटली भेजा जाएगा. यह हेलीकॉप्टर उड़ान के दौरान ईंधन भरने में सक्षम है. साथ ही फ्रांस निर्मित फ्लेकन या बॉम्बार्डियर चार्टर्ड प्लेन की खरीद पर भी विचार हो रहा है.

इलाज में लापरवाही: दो डॉक्टरों पर 5 लाख का जुर्माना

प्रयागराज में जिला उपभोक्ता आयोग ने इलाज में लापरवाही बरतने पर डॉ. नीरज अग्रवाल और डॉ. मनोज गुप्ता पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. राजापुर निवासी राजेंद्र पांडे की 15 वर्षीय बेटी के गलत इलाज से वह 50% दिव्यांग हो गई. ऑपरेशन में कूल्हे का जोड़ खोल देने से उसकी हड्डी गल गई और पैर छोटा हो गया. आयोग ने इलाज खर्च 1.21 लाख रुपये 8% ब्याज सहित व वाद व्यय 10 हजार रुपये देने का भी आदेश दिया.

प्रयागराज: पत्नी की हत्या के आरोपी पति पवन शुक्ला को उम्रकैद की सजा
प्रयागराज में बहुचर्चित पूर्णिमा शुक्ला हत्याकांड में कोर्ट ने आरोपी पति पवन शुक्ला को उम्रकैद की सजा सुनाई है. अपर सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट की जज अपर्णा त्रिपाठी ने यह फैसला सुनाया. कोर्ट ने आईपीसी की धारा 302 के तहत उम्रकैद और 50 हजार रुपये के जुर्माने की सजा दी. मामले में आरोपी और सरकारी अधिवक्ता मृत्युंजय त्रिपाठी की बहस के बाद कोर्ट ने यह निर्णय लिया. अदालत ने माना कि आरोपी दोषी है और उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए.

प्रयागराज: बॉयज हाई स्कूल के प्रिंसिपल डेविड एंड्रयू ल्यूक को मिली अग्रिम जमानत
धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी के मामले में प्रयागराज के बॉयज हाई स्कूल के प्रिंसिपल डेविड एंड्रयू ल्यूक को विशेष कोर्ट एमपी-एमएलए ने अग्रिम जमानत दी. विशेष जज योगेश ने सरकारी वकील और अधिवक्ता मनीष खन्ना की दलीलें सुनने के बाद आदेश दिया. कोर्ट ने कहा कि मामला दस्तावेजों से जुड़ा है, इसलिए हिरासत में लेकर पूछताछ की जरूरत नहीं. एफआईआर सिविल लाइंस थाने में बिशप डायसिस ऑफ लखनऊ चर्च की ओर से दर्ज कराई गई थी. कोर्ट ने जांच में सहयोग और साक्ष्यों से छेड़छाड़ न करने की शर्त लगाई है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *